Page Loader
टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के 15 साल बाद दिनेश कार्तिक का पहला अर्धशतक, सबसे उम्रदराज भारतीय बने
दिनेश कार्तिक ने जड़ा अर्धशतक (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के 15 साल बाद दिनेश कार्तिक का पहला अर्धशतक, सबसे उम्रदराज भारतीय बने

Jun 18, 2022
10:57 am

क्या है खबर?

बीते शुक्रवार को राजकोट में खेले गए चौथे टी-20 मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 82 रनों से हरा दिया। इस मैच में जीत के नायक दिनेश कार्तिक रहे, जिन्होंने अपने 55 रनों की पारी खेलते हुए अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक लगाया। 37 वर्षीय कार्तिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक जड़ने वाले भारत के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बन गए हैं। कार्तिक की पारी और उनके द्वारा बनाए रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

ऐसी रही कार्तिक की पारी

13वें ओवर में क्रीज पर आने वाले दिनेश कार्तिक ने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी की और 26 गेंदों में अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाया। कार्तिक ने 27 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्होंने हार्दिक पंड्या के साथ मिलकर पांचवे विकेट के लिए 65 रनों की उपयोगी साझेदारी की थी। पंड्या ने 31 गेंदों में 46 रनों की पारी खेली।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

कार्तिक भारत के पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में खेले थे, जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2006 में खेला गया था। कार्तिक उस भारतीय टीम में से एकमात्र खिलाड़ी हैं जो अभी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं।

उम्रदराज भारतीय

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 50+ स्कोर वाले सबसे उम्रदराज भारतीय

कार्तिक ने 37 साल और 16 दिन की उम्र में अपना अर्धशतक लगाया। वह महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ते हुए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे ज्यादा उम्र के भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। बता दें धोनी ने 36 साल और 229 दिन की उम्र में दक्षिण अफ्रीका के ही खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी। वहीं शिखर धवन इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 35 साल और एक दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था।

रिकॉर्ड

नंबर छह पर बनाया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड

इसके साथ ही कार्तिक नंबर छह या उससे निचले क्रम पर भारत के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 52 रनों की पारी खेली थी। आखिरी पांच ओवरों में कार्तिक ने 49 रन बनाए थे और डेथ ओवर्स में संयुक्त रूप से दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बने हैं।

आंकड़े

ऐसा है कार्तिक का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

डेढ़ दशक से भी लम्बे टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में कार्तिक ने अब तक 36 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 35.07 की उम्दा औसत और 146.13 की प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से 491 रन बनाए हैं। उनका पहला अर्धशतक 30वीं पारी में आया है। कार्तिक अब तक 19 छक्के और 53 चौके भी लगा चुके हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 30.40 की औसत से 152 रन बनाए हैं।