Page Loader
धोनी के संन्यास की खबरों पर एमएसके प्रसाद ने रखी अपनी राय

धोनी के संन्यास की खबरों पर एमएसके प्रसाद ने रखी अपनी राय

लेखन Neeraj Pandey
Feb 06, 2020
04:25 pm

क्या है खबर?

मुख्य चयनकर्ता के रूप में अपना कार्यकाल पूरा कर चुके एमएसके प्रसाद ने कहा है कि अपने पद से हटकर वह एमएस धोनी के बड़े वाले फैन हैं। हालांकि, उनका यह भी कहना है कि चयनकर्ताओं की टीम फिलहाल युवा खिलाड़ियों की खोज और उन्हें मौका देने के बारे में देख रही है। प्रसाद ने क्रिकेट में लगभग सबकुछ हासिल कर चुके धोनी के भविष्य को लेकर भी कमेंट किया है।

बयान

अपने लिए खुद निर्णय लेंगे धोनी- प्रसाद

प्रसाद ने बताया कि फिलहाल सिलेक्टर्स की टीम फिलहाल युवा खिलाड़ियों को सेट होने के लिए ज़्यादा से ज़्यादा समय देने का काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा, "माही अपने लिए खुद निर्णय लेंगे। यदि मैं सिलेक्टर की अपनी ड्यूटी को अलग कर दूं तो मैं भी बाकी लोगों की तरह धोनी का बड़ा फैन हूं। उन्होंने क्रिकेट में लगभग सबकुछ हासिल कर लिया है। कोई भी इस पर सवाल नहीं उठा सकता है।"

अंबाती रायडू

रायडू के विश्व कप से बाहर होने पर दुखी हुए थे प्रसाद

प्रसाद ने हाल ही में खुलासा किया था कि अंबाती रायडू के विश्व कप 2019 टीम से बाहर होने पर उन्हें भी दुख हुआ था। उन्होंने कहा था कि रायडू को नेशनल क्रिकेट अकादमी में फिटनेस पर काम करने के लिए एक महीने का समय दिया गया था। प्रसाद ने यह भी कहा था कि 2016 के बाद से रायडू को टेस्ट में चुनने के लिए विचार किया जा रहा था।

प्रैक्टिस

प्रैक्टिस पर लौट चुके हैं सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर हुए धोनी

BCCI ने इस बार के अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से धोनी को बाहर करके क्रिकेट फैंस को बड़ा झटका दिया था। हालांकि, पिछले 7-8 महीनों से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेले धोनी को कॉन्ट्रैक्ट नहीं देना BCCI के नियमों के तहत था। IPL 2020 के करीब आने के मद्देनजर धोनी ने प्रैक्टिस शुरु कर दी है और वह अचानक झारखंड रणजी टीम के साथ प्रैक्टिस करने भी पहुंच गए थे।

सवाल

IPL 2020 का प्रदर्शन दिलाएगा धोनी को 2020 टी-20 विश्व कप का टिकट?

तमाम क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि IPL 2020 में अच्छा प्रदर्शन करके धोनी भारतीय टीम में वापसी कर सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि धोनी के पास 2020 टी-20 विश्व कप में खेलने का मौका है। हालांकि, वर्तमान परिस्थितियों को देखें तो धोनी की वापसी आसान नहीं है क्योंकि उनका उत्तराधिकारी माने जाने वाले ऋषभ पंत खुद प्लेइंग इलेवन से बाहर चल रहे हैं। केएल राहुल को लगातार विकेटकीपर के रूप में उतारा जा रहा है।

सम्भावना

टी-20 खेलने के लिए वनडे को अलविदा कहेंगे धोनी?

भारतीय टीम के कोच रवि शास्त्री अनगिनत मौकों पर कह चुके हैं कि धोनी के पास टी-20 विश्व कप खेलने का मौका है। यह बात तो तय है कि 38 साल के हो चुके धोनी 2023 में होने वाले क्रिकेट विश्व कप को नहीं खेल पाएंगे, लेकिन वह अपने टी-20 करियर को बढ़ा सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि धोनी टी-20 क्रिकेट खेलने के लिए वनडे को अलविदा कह सकते हैं।

धोनी

धोनी ने भविष्य को लेकर अब तक नहीं दिया है कोई बयान

पिछले आठ महीनों से लगातार धोनी और उनका भविष्य सुर्खियों में बने हुए हैं, लेकिन खुद धोनी ने इस पर अब तक कोई कमेंट नहीं किया है। 2019 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत की हार के बाद से धोनी ने क्रिकेट नहीं खेला है। हालांकि, इस दौरान वह भारतीय आर्मी के साथ लगभग तीन हफ्तों का समय बिता चुके हैं और फिलहाल अपने परिवार के साथ अच्छा समय व्यतीत कर रहे हैं।