Page Loader
कप्तान के तौर पर चेन्नई के लिए धोनी ने खेला 200वां मैच, जानिए कप्तानी के आंकड़े

कप्तान के तौर पर चेन्नई के लिए धोनी ने खेला 200वां मैच, जानिए कप्तानी के आंकड़े

Apr 20, 2021
05:00 pm

क्या है खबर?

बीते सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच मैच खेला गया। इस मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की किसी एक फ्रेंचाइजी के लिए 200 मैचों में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। वानखेड़े में RR के खिलाफ हुए मैच में धोनी रिकॉर्ड 200वीं बार CSK की कप्तानी करने उतरे थे। धोनी के इस अविश्वसनीय सफर पर एक नजर डालते हैं।

आंकड़े

CSK की ओर से ऐसा रहा है धोनी का करियर

​धोनी ने अब तक CSK की ओर से 201 मैचों (चैंपियंस लीग सहित) में 40.40 की उम्दा औसत से 4,525 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 84* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 22 अर्धशतक भी लगाए हैं। धोनी ने CSK की ओर से 310 चौके और 212 छक्के भी अपने नाम किए हैं। वह रैना (5,449) के बाद CSK की ओर से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

क्या आप जानते हैं?

रैना की कप्तानी में CSK से एक मैच खेल चुके हैं धोनी

रोचक बात यह है कि धोनी चैंपियंस लीग 2012 के एक मुकाबले में CSK की ओर से सुरेश रैना की कप्तानी में खेले हैं। इसके अलावा उन्होंने सभी 200 मैचों में टीम की कप्तानी की है।

IPL खिताब

धोनी की कप्तानी में तीन बार खिताब जीत चुकी हैं CSK

धोनी की कप्तानी में CSK ने IPL 2010 और 2011 में लगातार खिताब पर कब्जा जमाया था। इसके बाद धोनी के अगुवाई में ही CSK, दो साल के बैन के बाद IPL 2018 की विजेता बनी थी। धोनी पहले ऐसे कप्तान बने थे, जिन्होंने अपने खिताब को डिफेंड किया था। हालांकि, अब रोहित शर्मा भी इस फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस (MI) ने IPL 2019 और 2020 का खिताब जीता है।

जानकारी

खिताब के लिहाज से दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं धोनी

धोनी खिताब के लिहाज से, IPL इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं। बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा पांच बार IPL खिताब पर कब्जा जमाया है। ​

उपलब्धि

100 से ज्यादा मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं धोनी

धोनी ने IPL में अब तक 177 मैचों में CSK की कप्तानी की है, जिसमें से 108 मैचों में उनकी टीम जीती है। इस बीच उनका जीत प्रतिशत 61.01 का रहा है। वह IPL में 100 से ज्यादा मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं। वहीं तीन बार IPL का खिताब जीतने के अलावा धोनी की कप्तानी में CSK पांच बार लीग की रनर-अप टीम भी रही है।