Page Loader
IPL 2020: ट्रेनिंग के लिए चेन्नई पहुंचे धोनी, फैंस ने किया बेहतरीन स्वागत

IPL 2020: ट्रेनिंग के लिए चेन्नई पहुंचे धोनी, फैंस ने किया बेहतरीन स्वागत

लेखन Neeraj Pandey
Mar 02, 2020
11:41 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें संस्करण को शुरु होने में अब एक महीने से भी कम समय बचा हुआ है। चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने अपनी ट्रेनिंग काफी पहले ही शुरु कर दी थी जिसमें सुरेश रैना और अंबाती रायडू को देखा गया था। बीते रविवार को टीम के कप्तान एमएस धोनी भी चेन्नई पहुंच गए और फैंस ने उनका स्वागत काफी बेहतरीन तरीके से किया। CSK आज से अपनी तैयारियां शुरु कर सकती है।

आगमन

चेन्नई पहुंचने पर समर्थकों ने धोनी को घेरा

CSK के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर पहले धोनी का एक फोटो पोस्ट किया गया जिसमें वह एयरपोर्ट पर दिखाई दिए। इसके बाद एक वीडियो भी पोस्ट किया गया जिसमें वह एयरपोर्ट से होटल आए थे। इस दौरान ढेर सारे समर्थकों ने धोनी को घर रखा था जो उनके साथ फोटो लेना चाहते थे। होटल में जाते समय धोनी के साथ CSK के टीम मैनेजर रसेल राधाकृष्णन भी मौजूद थे।

इंस्टाग्राम पोस्ट

चेन्नई पहुंचने पर फैंस से घिरे धोनी

कैंप

19 मार्च से शुरु होगा टीम का कैंप

CSK के CEO केएस विश्वनाथन के मुताबिक धोनी फिलहाल उपलब्ध खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग करेंगे और टीम का फुल कैंप 19 मार्च से शुरु होगा। सुरेश रैना और अंबाती रायडू पिछले तीन हफ्तों से ट्रेनिंग कर रहे हैं और अब धोनी भी इन्हीं खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग की शुरुआत करेंगे। PTI की एक रिपोर्ट के अनुसार धोनी कुछ दिन की ट्रेनिंग के बाद ब्रेक लेंगे और फिर दोबारा वापसी करेंगे।

आखिरी मुकाबला

जुलाई से मैदान में नहीं दिखे हैं धोनी

धोनी ने अपना आखिरी प्रतियोगी मुकाबला 2019 विश्व कप सेमीफाइनल के रूप में खेला था। इसके बाद से धोनी को मैदान पर नहीं देखा गया है। पहले तो उन्होंने दो महीनों की छुट्टी लेकर कुछ समय भारतीय सेना के साथ बिताया था। इसके बाद से उनको टीम में नहीं चुना गया और फिर उन्हें BCCI ने अपनी सालाना कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से भी बाहर कर दिया था। लगातार धोनी के भविष्य को लेकर चर्चा हो रही है।

IPL 2020

CSK खेलेगी IPL 2020 का पहला मैच

IPL 2020 का पहला मैच चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस साल CSK ने पीयूष चावला को 6.75 करोड़ रूपये तो वहीं इंग्लिश ऑलराउंडर सैम कुर्रन को 5.50 करोड़ रूपये में खरीदा है। इसके अलावा जोश हेजलवुड और शाई किशोर के रूप में भी उन्होंने दो खिलाड़ी खरीदे हैं। IPL में 100 मैच जीतने वाली CSK इकलौती टीम है।