
#DCvRR: दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराया, IPL 2019 से बाहर हुई राजस्थान
क्या है खबर?
IPL 2019 के 53वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया है।
टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी राजस्थान ने बेहद खराब शुरुआत के बाद रियान पराग (50) की जुझारू पारी की बदौलत 20 ओवरों में किसी तरह 115 रन बनाए।
जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 5 विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया। दिल्ली के लिए ऋषभ पंत ने सबसे ज़्यादा नाबाद 53 रन बनाए।
सबसे कम उम्र में अर्धशतक
IPL में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बने रियान पराग
रियान पराग ने इस मैच में 49 गेंदो में 50 रनों की बेहरतीन अर्धशतकीय पारी खेली। अपनी अर्धशतकीय पारी में पराग ने चार चौके और दो छक्के लगाए।
इसके साथ ही रियान पराग (17 साल, 175 दिन) IPL में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं।
पराग से पहले संजू सैमसन और पृथ्वी शॉ (18 साल, 169 दिन) ने IPL में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाया था।
सबसे ज़्यादा विकेट
IPL में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बने अमित मिश्रा
अमित मिश्रा ने इस मैच में 4 ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लिए। राजस्थान के खिलाफ अब मिश्रा के 30 विकेट हो गए हैं।
इसके साथ ही वह मलिंगा (30) के साथ IPL में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन गए हैं। मलिंगा ने चेन्नई के खिलाफ 30 विकेट लिए हैं।
वहीं उमेश यादव ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 29 विकेट लिए हैं। उमेश इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं।
जानकारी
IPL 2019 में बतौर कप्तान बल्लेबाज़ी में फेल रहे हैं अजिंक्य रहाणे
IPL के 12वें सीज़न में बतौर कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 9 पारियों में 22.55 की औसत से 203 रन बनाए हैं। वहीं बिना कप्तान के रहाणे ने 4 पारियों में 63.33 की औसत से 190 रन बनाए हैं।
मैच का लेखा-जोखा
इस तरह दिल्ली को मिली जीत
राजस्थान रॉयल्स ने पहले खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के सामने 116 रनों का मामूली सा लक्ष्य रखा था। राजस्थान के लिए रियान पराग ने सबसे ज़्यादा 50 रन बनाए।
जिसके जवाब में दिल्ली ने ऋषभ पंत (53*) की बेहतरीन पारी की मदद से आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया।
दिल्ली के लिए अमित मिश्रा और ईशांत शर्मा ने 3-3 विकेट लिए। वहीं ट्रेंट बोल्ट ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।
जानकारी
हार के साथ प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई राजस्थान रॉयल्स
इस हार के साथ ही RR प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। इस सीज़न में ये उसका आखिरी लीग मैच था, जिसे हारकर वो IPL 2019 से बाहर हो गई है। 14 मैचों में पांच जीत के साथ RR के 11 प्वाइंट्स हैं।