इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में कैसा रहा है ऋषभ पंत का प्रदर्शन?

भारत और इंग्लैंड के बीच 01 जुलाई से एजबेस्टन में एक टेस्ट (स्थगित हुआ) खेला जाना है। पिछले साल अधूरी छूटी टेस्ट सीरीज में भारत फिलहाल 2-1 से आगे चल रहा है और परिणाम के लिहाज से महत्वपूर्ण इस आखिरी मैच में हर हाल में बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगा। इस अहम मैच में ऋषभ पंत के प्रदर्शन पर भी नजरें रहने वाली है, जिनका हालिया प्रदर्शन खराब रहा है। पंत के इंग्लैंड के खिलाफ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ 11 टेस्ट में 32.11 की औसत से 578 रन बनाए हैं। घरेलू टेस्ट सीरीज में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ उम्दा प्रदर्शन किया है। उन्होंने भारत में खेले मुकाबलों में इंग्लैंड के खिलाफ 54.00 की औसत से 270 रन (एक शतक, दो अर्धशतक) बनाए हैं। हालांकि, इंग्लैंड में पंत के प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली है। उन्होंने इंग्लैंड में 23.69 की औसत से 308 रन हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है।
2021 में खेले गए चार मैचों में पंत ने निराश किया था। उन्होंने सात पारियों में 20.85 की औसत से सिर्फ 146 रन बनाए थे। हालांकि, 'द ओवल' में उन्होंने एक संघर्षपूर्ण अर्धशतक लगाकर जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 106 गेंदों में 50 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके चलते भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 368 रनों का लक्ष्य रखा था। यह टेस्ट भारत ने 157 रनों से जीत लिया था।
टेस्ट क्रिकेट में पंत ने इंग्लिश स्पिनर जैक लीच की खूब पिटाई की है। Cricmetric के अनुसार, पंत ने लीच को 59 गेंदों में 88 रन बनाए हैं। इस बीच लीच उन्हें सिर्फ एक बार आउट कर सके हैं। जेम्स एंडरसन के खिलाफ, पंत ने 159 गेंदों में 71 रन बनाए हैं। इस दौरान इंग्लिश दिग्गज ने तीन बार उनका विकेट लिया है। पंत ने स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ 40 गेंदों में 25 रन बनाए हैं।
24 वर्षीय पंत ने 2018 में ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने अब तक 30 टेस्ट खेल लिए हैं, जिसमें 40.85 की औसत से 1,920 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 159* के सर्वोच्च स्कोर के साथ चार शतक और नौ अर्धशतक भी लगाए हैं। विकेटकीपर पंत ने अब तक के करियर में 107 कैच और 11 स्टम्पिंग भी कर लिए हैं।
पंत ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला रन छक्का लगाकर दर्ज किया था। उन्होंने अपने टेस्ट करियर की दूसरी गेंद पर लेग स्पिनर आदिल राशिद की गेंद पर सीधा छक्का लगाया। कुल मिलाकर पंत ऐसा करने वाले 12वें बल्लेबाज बने थे।