Page Loader
पेले ने FIFA फुटबॉल विश्व कप में किया था शानदार प्रदर्शन, जानिए उनके आंकड़े
पेले के नाम विश्व कप मैचों में सबसे अधिक गोल (10) असिस्ट करने का रिकॉर्ड दर्ज है (तस्वीर: ट्विटर/@FIFAcom)

पेले ने FIFA फुटबॉल विश्व कप में किया था शानदार प्रदर्शन, जानिए उनके आंकड़े

Dec 30, 2022
03:07 pm

क्या है खबर?

ब्राजील के महानतम फुटबॉलर पेले अपने पीछे फुटबॉल की एक समृद्ध विरासत छोड़कर चले गए हैं। तीन बार के विश्व कप विजेता पेले ने गुरुवार को 82 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। पेले सबसे अधिक FIFA विश्व कप ट्राफियां जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं, उन्होंने 1958, 1962 और 1970 के संस्करणों में खिताब जीता था। आइये हम FIFA विश्व कप में उनके रिकॉर्ड-ब्रेकिंग आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

आंकड़े

फीफा विश्व कप में पेले के शानदार आंकड़े

जैसा कि ऊपर बताया गया है कि पेले ने रिकॉर्ड तीन बार विश्व कप ट्रॉफी को उठाने का गौरव हासिल किया। उन्होंने विश्व कप में ब्राजील फुटबॉल टीम के लिए 12 गोल किए, जो दूसरे सबसे अधिक हैं। इस सूची में पहले नंबर पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (15) हैं। पेले ने चार विश्व कप में गोल किए और यूवे सीलर और मिरोस्लाव क्लोज के साथ रिकॉर्ड साझा किया। केवल लियोनल मेसी और रोनाल्डो का रिकॉर्ड (5 विश्व कप) उनसे बेहतर है।

हैट्रिक

विश्व कप में हैट्रिक लेने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी

पेले (17 वर्ष और 249 दिन) एक फाइनल में सबसे कम उम्र के स्कोरर और सबसे कम उम्र के विश्व कप विजेता हैं, जिन्होंने 1958 में ये सम्मान हासिल किया था। पेले की एकमात्र विश्व कप हैट्रिक 1958 के संस्करण में दर्ज की गई थी। वह अभी भी विश्व कप हैट्रिक करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। उन्होंने फ्रांस फुटबॉल टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में हैट्रिक ली थी। उस मुकाबले को ब्राजील ने 5-2 से जीता था।

गोल असिस्ट

विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल असिस्ट किए

विश्व कप में सबसे अधिक 10 गोल असिस्ट करने का रिकॉर्ड पेले के नाम है। उनके नाम विश्व कप फाइनल में तीन गोल असिस्ट का भी रिकॉर्ड है। इसमें एक गोल 1958 और दो 1970 विश्व कप में असिस्ट थी। उनके नाम एक विश्व कप 1970 में सबसे अधिक छह गोल असिस्ट करने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उनके बाद सूची में रॉबर्ट गाडोचा (1974), पियरे लिटबार्स्की (1982), डिएगो माराडोना (1986) और थॉमस हस्लर (1994) (प्रत्येक पांच-पांच) का नंबर है।

जानकारी

पेले ने 1970 में जीता था 'गोल्डन बॉल' अवार्ड

पेले को 1958 के संस्करण में विश्व कप का 'सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी' और 'सिल्वर बॉल' सम्मान से सम्मानित किया गया था। उन्होंने उस संस्करण में छह गोल किए। उन्होंने 1970 के विश्व कप में 'गोल्डन बॉल' अवार्ड भी अपने नाम किया था।

रिकॉर्ड्स

पेले के नाम रिकार्ड्स की भरमार

पेले, वावा, पॉल ब्रेइटनर, काइल एम्बाप्पे और जिनेदिन जिदान ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने दो विश्व कप फाइनल में गोल किए हैं। पेले ने दो विश्व कप फाइनल में विजेता टीम के लिए स्कोर किया है (वावा के साथ साझा)। वह 18 वर्ष की आयु से पहले फीफा विश्व कप में गोल करने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। वह विश्व कप नॉकआउट मैचों में मेसी के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक छह गोल करने वाले खिलाड़ी हैं।

अन्य रिकॉर्ड

एक नजर उनके दिलचस्प कारनामों पर

पेले के नाम विश्व कप नॉकआउट मैच में शुरुआत करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड दर्ज है। वह पांच विश्व कप नॉकआउट चरण में टीम को जीत दिलाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी रहे हैं। पेले लगातार तीन विश्व कप में स्कोर करने वाले पहले खिलाड़ी थे। वह दो अलग-अलग विश्व कप फाइनल में स्कोर करने वाले पांच खिलाड़ियों में से एक थे।