Page Loader
ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत: सिडनी टेस्ट में मजबूत स्थिति में ऑस्ट्रेलिया, ऐसा रहा चौथा दिन

ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत: सिडनी टेस्ट में मजबूत स्थिति में ऑस्ट्रेलिया, ऐसा रहा चौथा दिन

लेखन Neeraj Pandey
Jan 10, 2021
12:38 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच चल रहे तीसरे टेस्ट के चौथे दिन के खेल की समाप्ति होने के बाद मेजबान टीम मजबूत स्थिति में है। तीसरे दिन चायकाल के समय ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी 312/6 के स्कोर पर घोषित करके भारत को 407 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था। जवाब में भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट के नुकसान पर 98 रन बना लिए हैं। आइए जानते हैं कैसा रहा चौथे दिन का खेल।

ओपनिंग साझेदारी रिकॉर्ड

रोहित और गिल ने बनाया यह ओपनिंग साझेदारी रिकॉर्ड

407 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुभमन गिल और रोहित शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की। पहली पारी में भी दोनों ने 70 रन जोड़े थे। 1968 के बाद यह पहला मौका है जब ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट की दोनो पारियों में भारतीय ओपनिंग जोड़ी ने 50 या उससे अधिक रनों की साझेदारी की है।

अंतिम पारी

अंतिम पारी में ओपनिंग जोड़ी के नाम हुए ये रिकॉर्ड्स

2006 के बाद यह पहला मौका है जब घर से बाहर भारतीय ओपनिंग जोड़ी ने टेस्ट की अंतिम पारी में 50 या उससे ज्यादा रनों की साझेदारी की है। वसीम जाफर और वीरेन्द्र सहवाग ने 2006 में वेस्टइंडीज में 109 रन जोड़े थे। रोहित और गिल ने 22.1 ओवर बल्लेबाजी की। पिछले 13 साल में यह पहला मौका है जब एशिया के बाहर भारतीय ओपनिंग जोड़ी अंतिम पारी में 15 या उससे अधिक ओवर खेल सकी है।

स्टीव स्मिथ

स्मिथ ने बनाया शानदार रिकॉर्ड

पहली पारी में 131 रन बनाने वाले स्मिथ ने दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 81 रन बनाए। स्मिथ ने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। अश्विन की गेंद पर वह पगबाधा आउट हुए। एक ही टेस्ट में सबसे अधिक बार शतक और अर्धशतक बनाने के मामले में उन्होंने विश्व रिकॉर्ड बराबर कर लिया है। 11वीं बार यह कारनामा करके स्मिथ ने जैक्स कैलिस (11) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

भारतीय बल्लेबाजी

स्कोर का पीछा करते हुए ऐसी रही भारतीय बल्लेबाजी

स्कोर का पीछा करते हुए भारत ने सधी शुरुआत की थी। हालांकि, गिल 31 रन बनाकर पैट कमिंस का शिकार बने। रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन 52 रन बनाने के बाद वह भी चलते बने। इस दौरान रोहित ऑस्ट्रेलिया में 50 छक्के लगाने वाले पहले विदेशी बल्लेबाज भी बने हैं। स्टंप के समय कप्तान अजिंक्या रहाणे (4*) और चेतेश्वर पुजारा (9*) क्रीज पर मौजूद हैं।