चेन्नई टेस्ट: तीसरे दिन भारत ने गंवाए छह विकेट, इंग्लैंड की पकड़ मजबूत

चेन्नई में खेले जा रहे टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने छह विकेट खोकर 257 रन बना लिए हैं। वाशिंग्टन सुंदर (33*) और रविचंद्रन अश्विन (8*) क्रीज पर मौजूद है। फॉलो-आन बचाने के लिए भारत को अभी 121 रन बनाने होंगे। इंग्लैंड के लिए डॉम बेस ने सबसे अधिक चार विकेट लिए हैं। आइए जानें कैसा रहा मैच का तीसरा दिन।
इंग्लैंड ने तीसरे दिन 23 रन बनाकर अपने अंतिम दो विकेट गंवाए और पूरी टीम 578 पर सिमटी। जो रूट (218) ने इंग्लैंड के लिए सबसे अधिक रन बनाए और पहले दो दिन बल्लेबाजी की। उनके अलावा डॉमिनिक सिब्ली (87) और बेन स्टोक्स (82) ने भी अच्छी पारियां खेली। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन ने सबसे अधिक 3-3 विकेट हासिल किए। शाहबाज नदीम और इशांत शर्मा ने भी दो-दो विकेट चटकाए।
भारत ने 190.1 ओवर्स की गेंदबाजी की। आखिरी बार भारत ने इससे अधिक ओवर की गेंदबाजी अपने घर में 2009 में श्रीलंका के खिलाफ की थी। उस समय दूसरी पारी में भारत ने 202.4 ओवर की गेंदबाजी की थी। तीसरे दिन के पहले सेशन में भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लिश पारी खत्म करने में सफलता हासिल की थी। 55.1 ओवर फेंकने के साथ ही अश्विन ने अपने टेस्ट करियर में एक पारी में सबसे अधिक ओवर फेंके।
भारत में अपनी पिछले दो पारियों में लगातार 92 पर आउट होने वाले पंत ने आज फिर 91 रन बनाकर आउट हो गए। वह भारत में अपनी पहली तीन पारियों में लगातार 50 या उससे अधिक रन बनाने वाले केवल दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले विराट कोहली ने भारत में अपनी पहली पांच पारियों में लगातार चार अर्धशतक और एक शतक लगाया था। इसमें 103 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा था।
पंत ने 91 रनों की अपनी पारी में पांच छक्के लगाए और एक टेस्ट पारी में ऐसा करने वाले केवल दूसरे भारतीय विकेटकीपर हैं। पूर्व कप्तान एमएस धोनी सबसे अधिक चार बार ऐसा करने वाले भारतीय विकेटकीपर हैं।
23 साल की उम्र में पंत चौथी बार 90 से 100 के स्कोर के बीच आउट हुए हैं। इस उम्र में वह सबसे अधिक बार 90 से 100 के बीच आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर (3) को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा 28 छक्के लगाकर 23 साल की उम्र में पंत तीसरे सबसे अधिक टेस्ट छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने 19 के स्कोर पर रोहित शर्मा और 44 के स्कोर पर शुभमन गिल का विकेट गंवा दिया था। 73 के स्कोर तक विराट कोहली और अजिंक्या रहाणे भी आउट हो चुके थे। चेतेश्वर पुजारा (73) और ऋषभ पंत (91) ने पांचवें विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी करके भारत की वापसी कराने की कोशिश की। पंत ने 88 गेंदों में नौ चौके और पांच छक्के लगाए।