Page Loader
BCCI दफ्तर में अक्सर कॉल करते हैं क्रिकेट फैंस, जानिए क्या होती हैं फरमाइशें

BCCI दफ्तर में अक्सर कॉल करते हैं क्रिकेट फैंस, जानिए क्या होती हैं फरमाइशें

Dec 03, 2019
06:33 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट फैंस दुनियाभर में इस खेल के प्रति अपने जुनून और दीवानगी के लिए जाने जाते हैं। आपने अक्सर सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी के फैंस को क्रिकेट स्टेडियम में एक अलग अंदाज़ में देखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये फैंस भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के दफ्तर में भी कॉल करते होंगे। जी हां, भारतीय क्रिकेट के फैंस अक्सर BCCI के ऑफिस में कॉल करते हैं और अजीब-अजीब फरमाइशें करते हैं। आइये जानें पूरी खबर।

इंटरव्यू

BCCI में रोज़ आते थे क्रिकेट फैंस के कॉल- फर्नांडिस

भारतीय क्रिकेट फैंस अक्सर BCCI के ऑफिस में काल करते हैं और अजीब-अजीब फरमाइशें करते हैं। इस बात का खुलासा 15 सालों तक BCCI ऑफिस में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाले बर्नार्ड फर्नांडीस ने अंग्रेज़ी अखबार इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में किया। हाल ही में BCCI के ऑफिस से नौकरी छोड़ने वाले बर्नार्ड फर्नांडीस ने बताया कि BCCI में रोज़ाना फैंस को फोन आते थे और कभी-कभी वे अजीब फरमाइशें करते थे, तो कभी-कभी धमकी और गालियां देते थे।

संन्यास

धोनी के संन्यास की खबरों पर आए कई कॉल

फर्नांडिस ने इंटरव्यू में बताया कि धोनी के संन्यास की खबरों पर रोज़ सैकड़ों फैंस के कॉल आते थे। उन्होंने कहा, "अक्सर धोनी के फैंस क़ॉल करते थे और कहते थे कि प्लीज़ उन्हें संन्यास मत लेने दो।" फर्नांडिस ने साथ ही बताया कि कई बार कॉल आते थे और फैंस कहते थे कि सरहद पर जवान शहीद हो रहे हैं फिर भी पाकिस्तान से क्रिकेट क्यों खेला जा रहा है? तो कई बार अजीब-अजीब फरमाइशें भी की जाती थी।

वाक्या

फर्नांडिस ने बताया एक अजीब वाक्या

फर्नांडिस ने इंटरव्यू में एक वाक्ये के बारे में बताया कि एक बार एक फैन का फोन आया और उसने कहा कि उसके पिताजी मरने वाले हैं और उनकी आखिरी इच्छा है कि वह अपने फेवरेट क्रिकेटर से बात करना चाहते हैं। फर्नांडिस ने कहा कि मैं सोच में पड़ गया था कि उनसे कैसे कहूं कि ये असंभव है। लेकिन उन्होंने बड़े प्यार से उसे अपनी समस्या बताई।

कॉल

केएल राहुल के लिए अक्सर आते थे महिला फैंस के कॉल

फर्नांडिस ने बताया कि BCCI ऑफिस में केएल राहुल के महिला फैंस के बहुत कॉल आते थे। उन्होंने कहा, "अक्सर महिलाएं कॉल करके राहुल से बात कराने की गुज़ारिश करती थी। राहुल की बहुत महिला फैंस हैं।" उन्होंने आगे कहा, "अक्सर कई बार फैंस स्कोर जानने के लिए भी कॉल करते थे। फोन करने वालों में रिटायर्ड आर्मी अफसर भी होते थे।" फर्नांडिस की इन बातों से साफ पता लगता है कि उनके लिए यह सब काफी मुश्किल रहा होगा।