Page Loader
श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे: क्रेग इरविन ने जमाया अर्धशतक, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 6,000 रन भी पूरे
क्रेग इरविन ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ICC)

श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे: क्रेग इरविन ने जमाया अर्धशतक, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 6,000 रन भी पूरे

Jan 08, 2024
06:19 pm

क्या है खबर?

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के कप्तान क्रेग इरविन ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार पारी (82) खेली है। वह 18 रन से अपना शतक पूरा नहीं कर पाए। यह उनके वनडे करियर का 20वां अर्धशतक है। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 6,000 रन भी पूरे कर लिए। वह दुष्मंथा चमीरा की गेंद पर सदीरा समरविक्रमा को कैच दे बैठे। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही इरविन की पारी और साझेदारी?

जिम्बाब्वे का पहला विकेट 1 रन के स्कोर पर गिर गया था, ऐसे में नंबर-3 पर इरविन बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने 102 गेंद का सामना करते हुए 82 रन की पारी खेली। उनके बल्ले से 9 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 80.39 की रही। उन्होंने जॉयलॉर्ड गम्बी के साथ 60 रन जोड़े। मिल्टन शुम्बा के साथ उन्होंने 76 गेंद में 53 रन की साझेदारी निभाई। रयान बर्ल के साथ जिम्बाब्वे के कप्तान ने 67 रन जोड़े।

रन

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे किए 6,000 रन 

इरविन जिम्बाब्वे के लिए सभी प्रारूपों को मिलाकर 6,000 रन पूरे करने वाले आठवें खिलाड़ी बने हैं। अंतरराष्ट्रीय रनों के मामले में वह एंडी फ्लावर (11,580), ग्रांट फ्लावर (10,028), ब्रेंडन टेलर (9,938), हैमिल्टन मसाकाद्जा (9,543), एलिस्टेयर कैंपबेल (8,043), सीन विलियम्स (7,681) और सिकंदर रजा (7,104) से पीछे हैं। जिम्बाब्वे के लिए इस खिलाड़ी अपने 203वें मुकाबले में 6,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए हैं। इरविन इस दशक में जिम्बाब्वे के स्टार बल्लेबाजों में से एक माने जाते हैं।

सफल

जिम्बाब्वे के 10वें सबसे सफल बल्लेबाज हैं इरविन 

जिम्बाब्वे की ओर से इरविन वनडे क्रिकेट में 10वें सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। जिम्बाब्वे के लिए सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड एंडी फ्लावर (6,786) के नाम दर्ज है। फ्लावर के बाद जिम्बाब्वे के लिए इरविन से अधिक वनडे रन ब्रेंडन (6,684), ग्रांट फ्लावर (6,571), मसाकाद्जा (5,658), कैंपबेल (5,185), विलियम्स (4,986), एल्टन चिगूंबुरा (4,289), सिकंदर (4,144) और ततेंदा तैयबू (3,383) ने बनाए हैं। पहले वनडे मुकाबले में इरविन खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए थे।

करियर

इरविन के वनडे करियर पर एक नजर 

बाएं हाथ के बल्लेबाज इरविन ने अपने वनडे क्रिकेट करियर में अब तक 118 मैच खेले हैं। इसकी 114 पारियों में वह अब तक 33.42 की औसत से 3,376 रन बना चुके हैं। वह 4 शतकों के अलावा अब तक 20 अर्धशतक भी जमा चुके हैं। वनडे में उनका उच्चतम स्कोर 130 रन रहा है। वह अब तक 13 बार नाबाद भी रहे हैं। उन्होंने अपना पहला मैच भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2010 में खेला था।