Page Loader
IPL 2020: मुंबई इंडियंस का विश्लेषण, जानें टीम की मजबूती और कमजोरी

IPL 2020: मुंबई इंडियंस का विश्लेषण, जानें टीम की मजबूती और कमजोरी

लेखन Neeraj Pandey
Dec 22, 2019
08:02 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) टीम मुंबई इंडियंस की काफी संतुलित है और उनके पास काफी गहराई मौजूद है। चार बार की IPL विजेता मुंबई ने लगातार निरंतरता दिखाया है और उनका यही गुण उन्हें अन्य टीमों से अलग बनाता है। IPL 2020 की नीलामी में उन्होंने दो बड़े विदेशी खिलाड़ियों को खरीदकर अपनी टीम को और भी मजबूत कर लिया है। आइए जानते हैं मुंबई की टीम का पूरा विश्लेषण।

नीलामी

मुंबई द्वारा नीलामी में खरीदे गए खिलाड़ी

मुंबई ने कोलकाता नाइटराइडर्स के पूर्व खिलाड़ी क्रिस लिन के रूप में एक बेहतरीन साइनिंग की है। तेज गेंदबाज नाथन कूल्टर-नाइल के रूप में उन्होंने एक महंगी साइनिंग भी की है। मुंबई द्वारा नीलामी में खरीदे गए खिलाड़ी: क्रिस लिन (दो करोड़ रूपये), नाथन कूल्टर-नाइल (आठ करोड़ रूपये), सौरभ तिवारी (50 लाख रूपये), मोहसिन खान (20 लाख रूपये), दिग्विजय देशमुख (20 लाख रूपये), प्रिंस बलवंत राय सिंह (20 लाख रूपये)।

टीम

मुंबई इंडियंस की पूरी टीम

मुंबई की पूरी टीम पर एक नजर: रोहित शर्मा (कप्तान), शेर्फेन रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, अनमोलप्रीत सिंह, क्रिस लिन, सौरभ तिवारी, धवल कुलकर्णी, जसप्रीत बुमराह, लसिथ मलिंगा, मिचेल मैक्लेनहन, राहुल चहर, ट्रेंट बोल्ट, मोहसिन खान, प्रिंस बलवंत राय सिंह, दिग्विजय देशमुख, हार्दिक पंड्या, जयंत यादव, केरान पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, अंकुल रॉय, नाथन कूल्टर-नाइल, ईशान किशन, क्विंटन डी कॉक और आदित्य तारे।

तेज गेंदबाजी

मुंबई के पास है शानदार तेज गेंदबाजी आक्रमण

मुंबई के पास लीग की सबसे मजबूत तेज गेंदबाजी में से एक है और साथ ही उनके पास शानदार बैकअप भी है। जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और लसिथ मलिंगा विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं। मिचेल मैक्लेनहन ने सालों से मुंबई के लिए शानदार गेंदबाजी की है। नाथन कूल्टर-नाइल के रूप में उन्होंने टी-20 का अनुभवी गेंदबाज अपने साथ जोड़ा है और वह काफी प्रभाव डाल सकते हैं। दिग्गज धवल कुलकर्णी के रूप में उनका बेंच भी मजबूत है।

ऑलराउंडर

ऑलराउंडर्स की फौज, स्पिनर्स की कमी

मुंबई के पास ऑलराउंडर्स की शानदार फौज है। भले ही मुंबई के पास ज़्यादा क्वालिटी स्पिनर नहीं हैं, लेकिन वे अपने गेंदबाजों से उपयोगी प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे। स्पिनर्स की बात करें तो राहुल चहर उनके मुख्य हथियार होंगे। ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या और जयंत यादव उनकी मदद करते दिखाई देंगे। शेर्फेन रदरफोर्ड, हार्दिक पंड्या और केरान पोलार्ड टीम को काफी मदद देने वाले हैं।

बल्लेबाजी

मुंबई की बल्लेबाजी में है काफी ज़्यादा गहराई

टॉप ऑर्डर की बात करें तो क्रिस लिन के आने से टीम में काफी ज़्यादा अनुभव आया है और वह समय आने पर अपना प्रभाव दिखा सकते हैं। क्विंटन डी कॉक, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव टॉप ऑर्डर के आदर्श बल्लेबाज हैं। ईशान किशन को मिडिल ऑर्डर में अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत होगी। इसके बाद टीम के ऑलराउंडर्स की बारी आती है। टीम के बेंच की बात करें तो वहां भी काफी गहराई मौजूद है।