Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारोत्तोलन में गुरदीप ने जीता कांस्य, जूडो में तुलिका को मिला रजत
गुरदीप ने जीता कांस्य (तस्वीर: ट्विटर/@narendramodi)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारोत्तोलन में गुरदीप ने जीता कांस्य, जूडो में तुलिका को मिला रजत

Aug 04, 2022
04:09 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में बीते बुधवार को गुरदीप सिंह ने भारोत्तोलन में 109+ किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीत लिया है। यह बर्मिंघम खेलों में भारोत्तोलन में भारत का 10वां पदक है। दूसरी तरफ जूडो में तुलिका मान ने रजत पदक हासिल किया है। महिलाओं के 78+ किलो भारवर्ग के फाइनल में स्कॉटलैंड की सारा एडलिंगटन के हाथों तुलिका को हार का सामना पड़ा है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

गुरदीप ने उठाया कुल 390 किलो वजन

गुरदीप ने स्नैच में 167 किलो और क्लीन एंड जर्क में 223 किलो का वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया। इस वर्ग में स्वर्ण पदक पाकिस्तान के मुहम्मद नूह बट्ट ने कुल 405 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 173 किलो जबकि क्लीन एंड जर्क में 232 किलो वजन सफलतापूर्वक उठाया। न्यूजीलैंड के एंड्र्यू डेविड ने कुल 394 किलो वजन उठयकर रजत पदक अपने नाम किया।

भारोत्तोलन

भारोत्तोलक में भारत ने जीत लिए हैं 10 पदक

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत के भारोत्तोलकों ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। अब तक भारोत्तोलन में भारत की झोली में 10 पदक आ गए हैं। मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा और अचिंता शुली ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते हैं। संकेत महादेव सरगर, विंद्यारानी देवी और विकास ने रजत पदक जीते हैं तो वहीं गुरुराज पुजारी, लवप्रीत, गुरदीप और हरजिंदर कौर ने कांस्य हासिल किया है।

जूडो

जूडो में भारत ने जीता तीसरा पदक

महिलाओं के 78+ किलो भारवर्ग का फाइनल तीन मिनट 29 सेकेंड तक चला, जिसमें सारा एडलिंगटन ने इप्पोन के जरिए तुलिका मान को हराया। इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने न्यूजीलैंड की सिडनी एंड्र्यूज को शिकस्त देकर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया था। तुलिका ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मॉरिशस की ट्रेसी डरहोन को शिकस्त दी थी। राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में जूडो में सुशीला देवी (48 किलो) ने रजत जबकि विजय यादव (60) कांस्य जीत चुके हैं।

जानकारी

भारत ने जीत लिए हैं 18 पदक

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत ने अब तक कुल 18 पदक जीत लिए हैं, जिसमें पांच स्वर्ण शामिल हैं। भारत की झोली में अब तक छह रजत और सात कांस्य भी आए हैं। फिलहाल पदक तालिका में भारत सातवें स्थान पर है।