कोलंबा टेस्ट: ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ जड़ा चौथा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले के दूसरे दिन बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (63) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 21वां और श्रीलंका के खिलाफ चौथा अर्धशतक रहा। खास बात यह रही कि पहले दिन कलाई पर लगी चोट के बाद रिटायर हुए पंत ने दूसरे दिन वापसी करते हुए शानदार पारी खेली और टीम को मजबूती दी।
बल्लेबाजी
कैसी रही पंत की पारी और साझेदारी?
पंत भारत को 183 के स्कोर पर तीसरा झटका लगने के बाद बल्लेबाजी पर उतरे थे।
3 रन बनाने के बाद वह तेज गेंदबाज लहिरू कुमारा की बाउंसर पर चोटिल होकर रिटायर हो गए थे।
दूसरे दिन वह सारांश जैन (6) के आउट होने के बाद दोबारा बल्लेबाजी के लिए आए और ध्रुव जुरेल के साथ 112 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी।
वह 89 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों से 63 रन बनाकर आउट हुए।
रिकॉर्ड
विदेश में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बने पंत
अपनी पारी का 42वां रन बनाते ही पंत विदेशी सरजमीं पर सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (2,496) को पीछे छोड़ दिया है।
इस सूची में फारूख इंजीनियर (1,209) तीसरे, सैयद किरमानी (1,109) चौथे और किरण मोरे (901) 5वें नंबर पर हैं।
बता दें कि पंत ने यह उपलब्धि 41.68 की औसत से हासिल की है, जो सभी विकेटकीपर में सबसे बेहतर है।
प्रदर्शन
श्रीलंका के खिलाफ दमदार रहा है पंत का प्रदर्शन
पंत का श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में प्रदर्शन काफी दमदार रहा है।
उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक 4 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 6 पारियों में 58.83 की औसत और 94.38 की स्ट्राइक रेट से 352 रन बनाए हैं। इसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं।
उनके श्रीलंका के खिलाफ खेली गई 6 पारियों में स्कोर क्रमश: 96, 39, 50, 39, 66 और 63 के रहे हैं।
इन पारियों के दौरान उन्होंने कुल 41 चौके और 11 छक्के जड़े हैं।
करियर
कैसा रहा है पंत का टेस्ट करियर?
पंत ने 2017 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था।
उन्होंने अब तक 52 टेस्ट खेले हैं, जिसकी 90 पारियों में 43 से अधिक की बेहतरीन औसत से 3,725 रन बना लिए हैं।
वह पूर्व कप्तान धोनी (4,876 रन) के बाद भारत के लिए टेस्ट में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले विकेटकीपर हैं।
बतौर विकेटकीपर उनके नाम 8 शतक और 21 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 159 रन का रहा है।