Page Loader
रोहित शर्मा संयुक्त रूप से सर्वाधिक एशिया कप जीतने वाले कप्तान बने, धोनी-अजहरुद्दीन की बराबरी की
भारत ने 2018 में जीता था एशिया कप (तस्वीर: X/@BCCI)

रोहित शर्मा संयुक्त रूप से सर्वाधिक एशिया कप जीतने वाले कप्तान बने, धोनी-अजहरुद्दीन की बराबरी की

Sep 17, 2023
07:05 pm

क्या है खबर?

एशिया कप 2023 के फाइनल मुकाबले में रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को 10 विकेट से मात दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम 15.2 ओवर में 50 रन पर ढेर हो गई। जवाब में भारत ने 6.1 ओवर में बिना कोई विकेट खोए लक्ष्य को हासिल कर लिया। एशिया कप में बतौर कप्तान रोहित शर्मा की यह दूसरी जीत है। वह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा एशिया कप जीतने वाले कप्तान बन गए।

आंकड़े

2018 में जीता था भारत

रोहित की कप्तानी में भारत ने एशिया कप 2018 का खिताब जीता था। फाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 3 विकेट से हराया था। रोहित के अलावा महेंद्र सिंह धोनी और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने अपनी कप्तानी में भारत को 2-2 बार एशिया का विजेता बनाया था। भारतीय टीम ने अजहरुद्दीन की कप्तानी में साल 1990-90 और 1995 में श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी उठाई थी। धोनी की कप्तानी में भारत ने साल 2010 और 2016 में खिताब अपने नाम किया था।

खिताब

भारत ने 8 बार जीता है खिताब

1984 से शुरू होने वाले एशिया कप टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने डेब्यू सीजन में ही खिताब पर कब्जा जमाया था। इसके बाद भारत ने साल 1988, 1990/91, 1995, 2010, 2016 (टी-20 प्रारूप), 2018 और 2023 में खिताब पर कब्जा जमाया। इसके अलावा भारतीय टीम 1997, 2004 और 2008 में फाइनल में पहुंची, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा। बता दें कि भारत ने साल 1990/91 में एशिया कप क्रिकेट की मेजबानी भी की थी।