
टी-20 विश्व कप में इन कप्तानों ने दर्ज की हैं सर्वाधिक जीत
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2024 की शुरुआत 1 जून से हो जाएगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 20 टीमें आपस में प्रतिस्पर्धा करती हुई नजर आएंगी, जिन्हें 4 ग्रुप्स में बांटा गया है।
पिछले संस्करण को इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने जीता था और इस बार जोस बटलर की ही कप्तानी में इंग्लिश टीम अपने खिताब का बचाव करेगी।
इस बीच टी-20 विश्व कप में अब तक सर्वाधिक जीत दर्ज करने वाले कप्तानों के बारे में जानते हैं।
#1
महेंद्र सिंह धोनी (21 जीत)
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने 2007 में टी-20 विश्व कप पर कब्जा जमाया था।
इसके बाद से भारतीय टीम खिताब नहीं जीत सकी है। इसके बाद धोनी ने 5 अन्य टी-20 विश्व कप अभियानों में भारत का नेतृत्व किया था। उनकी कप्तानी में भारत ने टी-20 विश्व कप में 21 मैच जीते और 11 हारे।
इसमें 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक बॉल आउट की जीत भी शामिल है।
#2
केन विलियमसन (12 जीत)
केन विलियमसन न्यूजीलैंड के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं।
उनके नेतृत्व में कीवी टीम ने टी-20 विश्व कप के 17 मैचों में कप्तानी है, जिसमें से 12 में उन्हें जीत और 5 में हार का सामना किया है।
कप्तान के तौर पर उनके बल्ले से 33 मैच में 529 रन निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 45 रन रहा है।
वह आगामी विश्व कप में भी टीम का नेतृत्व करते हुए नजर आएंगे।
#3
डेरेन सैमी (11 जीत)
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने 2 बार (2012 और 2016) टी-20 विश्व कप जीता है और दोनों बार टीम का नेतृत्व डैरेन सैमी ने किया था। सैमी की कप्तानी में वेस्टइंडीज ने विश्व क्रिकेट में सफलता हासिल की।
कैरेबियाई टीम 2 बार विश्व विजेता बनने वाली पहली टीम बनी थी।
कुल मिलाकर सैमी के नेतृत्व में वेस्टइंडीज ने इस टूर्नामेंट में 11 मैच जीते हैं और 5 मैच में शिकस्त झेली है।
#4
ग्रीम स्मिथ (11 जीत)
धोनी, विलियमसन और सैमी के अलावा दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ एकमात्र अन्य खिलाड़ी हैं जिन्होंने कप्तान के रूप में 10 से अधिक टी-20 विश्व कप मैच जीते हैं।
2007 के टी-20 विश्व कप में स्मिथ ने दक्षिण अफ्रीका का नेतृत्व किया था। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में बतौर कप्तान भाग लिया था।
कुल मिलाकर स्मिथ ने प्रोटियाज टीम के लिए 16 टी-20 विश्व कप मैचों में से 11 मैच जीते।