क्या हार्दिक पांड्या की जगह भर पाएंगे नितीश रेड्डी? पूर्व भारतीय कोच ने दिया जवाब
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या लंबे समय से चोट से जूझ रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में भारतीय टीम प्रबंधन ने नितीश रेड्डी पर भरोसा जताया है और उन्हें मौके दिए हैं। इस बीच पूर्व भारतीय फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने कहा है कि रेड्डी अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह अपनी काबिलियत से टीम को फायदा पहुचाएंगे। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
काबिल बल्लेबाज हैं नितीश रेड्डी- श्रीधर
श्रीधर ने न्यूज-18 से कहा, "मेरा मानना है कि नितीश इस समय अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि वह उम्दा फॉर्म में लौटेंगे और बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करेंगे। वह एक बहुत ही काबिल बल्लेबाज हैं।"
बता दें कि उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में अब तक 2 मैचों में मौका मिला, जिसमें उन्होंने 21 और 41 रन के स्कोर किए थे।
बयान
विश्व कप में हार्दिक की वापसी चाहते हैं श्रीधर
श्रीधर ने आगे कहा कि विश्व कप 2027 तक या तो नितिश बेहतर खिलाड़ी बन जाएंगे या फिर हार्दिक फिट होकर टीम में वापसी कर लेंगे।
इस बारे में उन्होंने आगे कहा, "हो सकता है कि तब तक नीतीश कुमार एक बेहतर विकल्प बनकर उभरें, या फिर हार्दिक पूरी तरह फिट होकर वापसी करें और विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करें। इसलिए इस स्थिति पर और स्पष्टता मिलने तक हमें इंतजार करना चाहिए।
बयान
क्या हार्दिक पांड्या की जगह भर पाएंगे नितीश रेड्डी? भरत अरुण ने दी अपनी राय
पूर्व भारतीय कोच भरत अरुण ने नितीश की गेंदबाजी की तारीफ की और कहा कि उन्हें अपनी इस क्षमता को निखारने के लिए मेहनत करनी होगी।
भरत ने कहा, "हार्दिक पांड्या एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं। न्यूजीलैंड में उनकी कमी जरूर खलेगी। हालांकि, मुझे लगता है कि हमारे पास नितीश के रूप में एक ऑलराउंडर का विकल्प मौजूद है। उनमें इतनी गति है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छी गेंदबाजी कर सकते हैं।"
करियर
ऐसा है नितीश रेड्डी का करियर
नितीश ने अब तक भारत की ओर से 8 वनडे में 109 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में 3 विकेट लिए हैं।
उन्होंने 10 टेस्ट की 16 पारियों में 396 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 8 सफलताएं हासिल की हैं।
उन्होंने अब तक 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 6 पारियों में 30.60 की औसत से 153 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 10 विकेट अपने नाम किए हैं।