बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल ने सुनाया रोचक किस्सा, छूट पड़ी प्रधानमंत्री मोदी की हंसी
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान हैवीवेट बॉक्सर और रजत पदक विजेता नरेंद्र बेरवाल ने साल 2015 में आयोजित हुए विश्व सैन्य खेलों में पाकिस्तान के एक बॉक्सर से हुए मुकाबले से जुड़ा पुराना किस्सा सुनाया। इस किस्से के सुनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी भी ठहाके लगाकर हंसने लगे। आइए जानते हैं बेरवाल ने क्या कहा।
किस्सा
बेरवाल ने क्या सुनाया किस्सा?
बेरवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि विश्व सैन्य खेल 2015 में उनका पाकिस्तानी बॉक्सर से पहला मुकाबला हुआ था। मुकाबले से पहले सेना की ओर से कहा गया था कि पाकिस्तान से हारना नहीं है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने पहला राउंड 4-1 से और दूसरा राउंड 3-2 से जीत लिया। हालांकि, मुकाबले के दौरान दोनों खिलाड़ियों के सिर आपस में टकरा गए और दोनों को चोट लगी।
इसके बाद उन्हें टांके लगवाने के लिए अस्पताल जाना पड़ा था।
हंसी
पाकिस्तानी बॉक्सर के बयान पर छूटी प्रधानमंत्री मोदी की हंसी
बेरवाल ने आगे कहा, "मेरे साथ गए भारतीय सेना के कोच का नाम नरेंद्र राणा था। पाकिस्तानी बॉक्सर ने काफी देर सोचने के बाद कहा कि भाईजान, आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है और आपके प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है। मुझे नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है।"
बेरवाल का यह किस्सा सुनते ही प्रधानमंत्री मोदी के चेरहे पर हंसी फूट पड़ी और पूरा माहौल खुशनुमा हो गया। इसके बाद अन्य खिलाड़ी भी हंसने लगे।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
#WATCH | "Pakistani boxer said to me 'Aapka naam Narender hai, aapke coach ka naam Narender hai, aapke Pradhan Mantri ka naam Narendra hai. Mujhe Narendra naam se nafrat ho gayi hai'..." says Heavyweight boxer and silver medallist Narender Berwal narrating his conversation with a… pic.twitter.com/qvmwO5D2sz
— ANI (@ANI) August 10, 2026
पदक
भारत ने जीते कुल 39 पदक
बता दें कि बेरवाल ने 90+ किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया है। भारत ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में कुल 39 पदक अपने नाम किए है।
इनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। सबसे ज्यादा 10 पदक (7 स्वर्ण और 3 रजत) बॉक्सिंग में मिले हैं। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
भारत के लिए पुरुष एथलीट्स ने 23 और महिला एथलीट्स ने 16 पदक अपने नाम किए हैं।