Page Loader
एशिया कप 2023, फाइनल: भारत ने 263 गेंद शेष रहते जीता मुकाबला, बना दिया यह रिकॉर्ड
भारत ने 10 विकेट से जीता मुकाबला (तस्वीर: X/@BCCI)

एशिया कप 2023, फाइनल: भारत ने 263 गेंद शेष रहते जीता मुकाबला, बना दिया यह रिकॉर्ड

Sep 17, 2023
07:33 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2023 के फाइनल में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 10 विकेट से हराकर 8वीं बार खिताब पर कब्जा जमाया। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और पूरी टीम 15.2 ओवर में 50 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने 6.1 ओवर में 263 गेंद शेष रहते इस मुकाबले को जीत लिया।

आंकड़े

गेंद शेष रहने के मामले में सबसे बड़ी जीत

वनडे में गेंद शेष रहने के मामले में भारत की यह सबसे बड़ी जीत है। भारत ने इस मैच में केवल 37 गेंदों का ही सामना किया। 2001 में भारत ने केन्या के खिलाफ 231 गेंद शेष रहते और साल 2018 में भारत ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ 211 गेंद शेष रहते वनडे को जीता था। साथ ही 2022 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ द ओवल में 188 गेंद शेष रहते भारत ने मैच पर कब्जा जमाया था।

आंकड़े

फाइनल में सबसे बड़ी जीत

किसी वनडे फाइनल में गेंद शेष रहने के लिहाज से भी यह सबसे बड़ी जीत है। 2003 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को 226 गेंद शेष रहते मात दी थी। ऑस्ट्रेलिया ने 1999 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 179 गेंद शेष रहते मुकाबले को जीत लिया था। बता दें कि भारतीय टीम ने 8वीं बार एशिया कप का खिताब जीता है। टीम साल 1984, 1988, 1990/91, 1995, 2010, 2016 (टी-20 प्रारूप), 2018 और 2023 में विजेता बनी।