Page Loader
बेन स्टोक्स को मिला PCA प्लेयर्स का 'प्लेयर ऑफ द ईयर' अवार्ड

बेन स्टोक्स को मिला PCA प्लेयर्स का 'प्लेयर ऑफ द ईयर' अवार्ड

लेखन Neeraj Pandey
Oct 03, 2019
12:09 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड के बेहतरीन ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के लिए यह साल काफी शानदार जा रहा है। विश्व कप 2019 के फाइनल में 'मैन ऑफ द मैच' रहने वाले स्टोक्स ने अपनी शानदर फॉर्म को एशेज 2019 में भी जारी रखा था। इस साल अदभुत प्रदर्शन करने वाले स्टोक्स को प्रोफेशनल क्रिकेटर्स एसोसिएशन (PCA) प्लेयर्स द्वारा 'प्लेयर ऑफ द ईयर' चुना गया है। सोफी एक्लेस्टोन को 'विमेंस प्लेयर ऑफ द ईयर' का अवार्ड मिला।

उपलब्धि

यंग प्लेयर और प्लेयर ऑफ द ईयर बनने वाले छठे खिलाड़ी बने स्टोक्स

2013 में बेन स्टोक्स को PCA ने 'यंग प्लेयर ऑफ द ईयर' चुना था और इस साल उन्हें 'प्लेयर ऑफ द ईयर' अवार्ड मिला है। इन दोनों अवार्ड्स को हासिल करने वाले स्टोक्स छठे खिलाड़ी बन गए हैं। 50वां PCA अवार्ड जीतने के लिए स्टोक्स ने रयॉन हिग्निस, डॉमिनिक सिब्ले और साइमन हार्पर को पीछे छोड़ा है। पिछले नौ सालों से इस अवार्ड पर इंग्लिश खिलाड़ियों का ही कब्जा रहा है।

प्रतिक्रिया

खुशी को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल- स्टोक्स

अवार्ड जीतने के बाद स्टोक्स ने कहा कि अपनी फीलिंग को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों ने उन्हें इस अवार्ड के लिए चुना जिसके बाद वह चांद पर हैं। स्टोक्स ने आगे कहा, "इस अवार्ड को हासिल करना काफी बड़ा लम्हा है और मैं बाकी 49 विजेताओं की तरह ही काफी गर्व महसूस कर रहा हूं। पूरी टीम के प्रदर्शन के कारण ही मैं इसे हासिल कर पाया हूं।"

प्रदर्शन

ऐसा रहा था विश्व कप और एशेज में स्टोक्स का प्रदर्शन

स्टोक्स ने विश्व कप 2019 की 10 पारियों में पांच अर्धशतक की बदौलत 465 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने 11 मैचों में सात विकेट भी झटके थे। फाइनल मुकाबले में स्टोक्स का प्रदर्शन अदभुत था। एशेज 2019 के पांच टेस्ट की 10 पारियों में स्टोक्स ने 55 से ज़्यादा की औसत के साथ 441 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने दो शतक और दो अर्धशतक लगाए थे। स्टोक्स ने एशेज में आठ विकेट भी झटके थे।

टॉम बैंटन

टॉम बैंटन बने 'यंग प्लेयर ऑफ द ईयर'

टॉम बैंटन ने समरसेट को रॉयल लंदन कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी और उन्होंने टूर्नामेंट में 454 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने टी-20 ब्लास्ट में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 549 रन जड़े। अवार्ड जीतने के बाद टॉम ने कहा, "जिन लोगों ने मेरे लिए वोट किया मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। अन्य नामांकित लोगों को देखने के बाद मुझे अवार्ड जीतने की उम्मीद नहीं थी।"

जानकारी

क्या है PCA अवार्ड और कैसे घोषित होता है विजेता का नाम?

PCA प्लेयर ऑफ द ईयर अवार्ड हर साल दिया जाने वाला अवार्ड है और इसे साल के बेस्ट काउंटी खिलाड़ी को दिया जाता है। 1970 से चले आ रहे इस अवार्ड के लिए विजेता की घोषणा उसे मिले कुल वोटों के आधार पर होती है। सर रिचर्ड हैडली और मार्कस ट्रेस्कोथिक ने इस अवार्ड को सबसे ज़्यादा 3-3 बार जीता है जबकि सात खिलाड़ी इस अवार्ड को दो बार जीत चुके हैं।