Page Loader
बेन स्टोक्स ने लगाया इंग्लैंड के लिए टेस्ट इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 
बेन स्टोक्स ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ICC)

बेन स्टोक्स ने लगाया इंग्लैंड के लिए टेस्ट इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 

Jul 28, 2024
09:07 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में बेन स्टोक्स ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने मैच की दूसरी पारी में 57* रन की पारी खेली। सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरे स्टोक्स ने अपना अर्धशतक सिर्फ 24 गेंद में पूरा किया। इस बीच वह इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही स्टोक्स की पारी और साझेदारी?

स्टोक्स ने सिर्फ 28 गेंद का सामना किया और 57* रन बना दिए। उनके बल्ले से 9 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 203.57 की रही। इंग्लैंड ने 87 रन का लक्ष्य सिर्फ 7.2 ओवर में प्राप्त कर लिया। उनका कोई भी बल्लेबाज वापस पवेलियन नहीं लौटा। पहली पारी में स्टोक्स ने 69 गेंद का सामना किया था और 54 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्का निकला था।

अर्धशतक

इंग्लैंड के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज 

स्टोक्स ने इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज इयान बॉथम का रिकॉर्ड तोड़ा है। इस पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी ने साल 1981 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 28 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। तीसरे स्थान पर जॉनी बेयरस्टो हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2022 में सिर्फ 30 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। इंग्लैंड की सरजमीं पर लगाया गया यह सबसे तेज अर्धशतक भी है। बेयरस्टो (30) इस मामले में दूसरे और शार्दूल ठाकुर (31) तीसरे स्थान पर हैं।

करियर

कैसा रहा है स्टोक्स का टेस्ट करियर?

स्टोक्स ने साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट क्रिकेट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 105 मैच की 190 पारियों में 35.75 की औसत से 6,508 रन बना चुके हैं। इसमें 13 शतकों के अलावा 33 अर्धशतक भी शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 202 रन का रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ स्टोक्स ने 31 पारियों में 47.82 की औसत से 1,339 रन बनाए हैं। इसमें 3 शतक और 8 अर्धशतक शामिल है।

मैच

मैच में क्या हुआ?

मैच में कैरेबियाई टीम ने अपनी पहली पारी में 282 रन बनाए थे। जिसके जवाब में इंग्लिश टीम ने 376 रन बनाते हुए मजबूत बढ़त हासिल की थी। इंग्लैंड से जेमी स्मिथ (95) और जो रूट (87) ने बड़ी पारियां खेली थी। 94 रन से पिछड़ने के बाद वेस्टइंडीज की दूसरी पारी मार्क वुड की घातक गेंदबाजी (5/40) के सामने 175 पर ढेर हुई। जवाब में छोटे से लक्ष्य को इंग्लैंड ने बेन स्टोक्स (57*) की बदौलत हासिल किया।