LOADING...
मैनचेस्टर टेस्ट: बेन स्टोक्स ने जड़ा 14वां शतक, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 
बेन स्टोक्स ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ICC)

मैनचेस्टर टेस्ट: बेन स्टोक्स ने जड़ा 14वां शतक, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 

Jul 26, 2025
04:20 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने सीरीज के चौथे टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतकीय पारी (141) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 14वां और भारत के खिलाफ दूसरा शतक रहा, जिसे उन्होंने 164 गेंदों में पूरा किया। स्टोक्स ने साल 2023 के बाद पहली बार टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाया है। उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 5 विकेट हॉल लिया था। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

स्टोक्स की पारी पर एक नजर 

स्टोक्स छठे स्थान पर बल्लेबाजी करने आए थे। उस समय इंग्लैंड की स्थिति बेहद मजबूत थी। उन्होंने जो रूट के साथ मिलकर 219 गेंदों में 142 रन की साझेदारी निभाई। रूट 150 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपना शतक चौथे दिन के पहले सत्र में पूरा किया। स्टोक्स ने 198 गेंदों का सामना किया और 141 रन बनाकर रविंद्र जडेजा की गेंद पर आउट हुए। उनके बल्ले से 11 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 71.21 की रही।

भारत

भारत के खिलाफ ऐसे हैं स्टोक्स के आंकड़े 

स्टोक्स ने भारत के खिलाफ पहला टेस्ट मैच 2014 में खेला था। उन्होंने अब तक 25 मुकाबले खेले हैं और इसकी 47 पारियों में 27.73 की औसत के साथ 1,276 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक के अलावा 5 अर्धशतक निकले हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं। उनके बल्ले से 24 टेस्ट की 45 पारियों में 36.32 की औसत से 1,562 रन निकले हैं।

कप्तान

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में शतक और 5 विकेट लेने वाले 5वें कप्तान 

टेस्ट क्रिकेट में कप्तान के तौर पर शतक और पारी में 5 विकेट लेना बेहद दुर्लभ कारनामा है। अब इस खास सूची में स्टोक्स का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने भारत के खिलाफ शतक के साथ 5 विकेट भी झटके। इससे पहले ये कारनामा डेनिस एटकिंसन (1955), गैरी सोबर्स (1966), मुश्ताक मोहम्मद (1977) और इमरान खान (1983) कर चुके हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि स्टोक्स कितने खास खिलाड़ी हैं।

इतिहास

स्टोक्स ने रचा इतिहास 

भारत की पहली पारी में स्टोक्स ने 72 रन देकर 5 विकेट झटके और अपनी टीम के सबसे सफल गेंदबाज बने। इसके साथ ही वे इंग्लैंड के पहले कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने किसी एक ही टेस्ट में शतक भी लगाया और 5 विकेट भी चटकाए। उनसे पहले स्टैनली जैक्सन (1905) और गबी एलन (1936) ने जरूर 50 से ज्यादा रन और 5 विकेट लिए थे, लेकिन शतक नहीं लगा सके थे। स्टोक्स ने इतिहास रच दिया है।

करियर

स्टोक्स के टेस्ट करियर पर एक नजर 

स्टोक्स ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 115 मुकाबले खेले हैं और इसकी 206 पारियों में 35.69 की औसत से 7,032 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 14 शतक के अलावा 35 अर्धशतक भी निकले हैं। इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 258 रन रहा है। स्टोक्स ने साल 2025 में 5 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 8 पारियों में 39.12 की औसत से 313 रन बनाए हैं।