काउंटी चैंपियनशिप में बेन स्टोक्स ने किया दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन, डरहम ने डर्बीशायर को हराया
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने काउंटी चैंपियनशिप डिविजन 2 में डरहम के लिए खेलते हुए अकेले दम पर डर्बीशायर की टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया है। स्टोक्स ने इस मुकाबले में बल्ले से दोनों पारियों में अर्धशतक (53 और 66*) जड़े और फिर गेंदबाजी में कुल 7 विकेट चटकाकर डरहम को 338 रनों की विशाल जीत दिला दी। आइए मैच में उनके प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
स्टोक्स ने बल्ले से दिखाया कमाल
स्टोक्स ने डर्बीशायर के खिलाफ दोनों पारियों में आक्रामक बल्लेबाजी का नजारा पेश किया।
उन्हाेंने पहली पारी में डरहम के 107/3 के स्कोर के साथ संघर्ष करने के दौरान क्रीज पर आकर कमान संभाली थी। उन्होंने मात्र 61 गेंदों में 53 रन की तेज तर्रार पारी खेली।
इसी तरह डरहम की दूसरी और मैच की तीसरी पारी में उन्होंने महज 55 गेंदों में 6 चौकों और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 66 रनों का तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली।
गेंदबाजी
स्टोक्स ने गेंदबाजी में इस तरह किया कमाल
मुकाबले में स्टोक्स चोट की वजह से मैदान से बाहर भी गए, लेकिन उन्होंने दमदार वापसी करते हुए 7 विकेट चटकाए।
डर्बीशायर की पहली पारी में अपने 5वें ओवर की शुरुआत में ही खिंचाव के कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था। हालांकि, खेल खत्म होने से पहले लौटकर उन्होंने 4 ओवर में 2/14 का किफायती स्पेल डाला।
मैच की चौथी पारी में उन्होंने 7.3 ओवरों में 17 रन देकर 5 विकेट चटकाए और टीम की जीत पक्की कर दी।
मुकाबला
डरहम ने इस तरह जीता मुकाबला
स्टोक्स के इस ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत डरहम ने मैच पर दबदबा बनाए रखा।
डरहम ने अपनी पहली पारी में स्टोक्स के अर्धशतक से 283 रन बनाए थे। जवाब में डर्बीशायर की पहली पारी 156 रन पर सिमट गई।
डरहम ने अपनी दूसरी पारी स्टोक्स के अर्धशतक के दम पर 295/6 पर घोषित कर दी।
इसके बाद जीत के लिए मिले 423 रन के बड़े लक्ष्य के सामने डर्बीशायर की टीम दूसरी पारी में मात्र 84 रनों पर सिमट गई।
प्रदर्शन
स्टोक्स का काउंटी चैंपियनशिप के इस सत्र में कैसा रहा है प्रदर्शन?
काउंटी चैंपियनशिप में डरहम के लिए चौथा मैच खेलते हुए स्टोक्स ने 68.25 की औसत से 273 रन बनाए हैं। इसमें 3 अर्धशतक शामिल है।
क्रिकइंफो के अनुसार, गेंदबाज़ी में उन्होंने 22.61 की औसत से 13 विकेट लिए हैं।
अपना 209वां प्रथम श्रेणी मैच खेलते हुए स्टोक्स ने 356 पारियों में 33+ की औसत से 11,725 रन बनाए हैं।
इसमें 23 शतक और 61 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 311 पारियों में 28 की औसत से 462 विकेट लिए हैं।