LOADING...
बीबीसी स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर बने स्टोक्स, 13 साल बाद किसी क्रिकेटर ने जीता अवार्ड

बीबीसी स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर बने स्टोक्स, 13 साल बाद किसी क्रिकेटर ने जीता अवार्ड

लेखन Neeraj Pandey
Dec 16, 2019
01:06 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के लिए यह साल बेहद शानदार जा रहा है। विश्व कप 2019 के फाइनल मेें मैन ऑफ द मैच रहने वाले स्टोक्स ने इस साल कई उपलब्धियां हासिल की हैं। बीबीसी ने स्टोक्स को स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर चुना है और 13 साल बाद स्टोक्स इस अवार्ड को जीतने वाले पहले क्रिकेटर बने हैं। इसके अलावा बेस्ट टीम ऑफ द ईयर अवार्ड की भी घोषणा हुई है।

बेन स्टोक्स

स्टोक्स बने 2019 बीबीसी स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर

बेन स्टोक्स बीबीसी के स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर बनने वाले केवल पांचवे क्रिकेटर हैं। 2005 में एंड्रयू फ्लिटांफ द्वारा यह अवार्ड जीतने के बाद स्टोक्स इस अवार्ड को जीतने वाले पहले क्रिकेटर हैं। इस साल के अवार्ड की रेस में फार्मूला वन ड्राइवर लुईस हेमिल्टन दूसरे और महिला धावक डिना एसर-स्मिथ तीसरे स्थान पर रहीं। स्टोक्स से पहले डेविड स्टीले, जिम लेकर, सर इयान बॉथम और फ्लिटांफ इस अवार्ड को जीतने वाले क्रिकेटर हैं।

बीबीसी स्पोर्ट्स टीम ऑफ द ईयर

इंग्लैंड क्रिकेट टीम बनी बीबीसी स्पोर्ट्स टीम ऑफ द ईयर

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने विश्व कप 2019 के फाइनल में न्यूजीलैंड से सुपर ओवर भी टाई रहने के बाद बाउंड्री काउंट पर जीत हासिल की थी। बीबीसी ने इंग्लिश क्रिकेट टीम को स्पोर्ट्स टीम ऑफ द ईयर चुना है। विकेटकीपर जोस बटलर ने सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर मार्टिन गुप्टिल को रन आउट किया था। बटलर के इस रन आउट को स्पोर्ट्स मोमेंट ऑफ द ईयर चुना गया है।

Advertisement

PCA प्लेयर ऑफ द ईयर

अक्टूबर में PCA प्लेयर ऑफ द ईयर बने थे स्टोक्स

प्रोफेशनल क्रिकेटर्स एसोसिएशन (PCA) ने इस साल अक्टूबर में स्टोक्स को अपना प्लेयर ऑफ द ईयर चुना था। छह साल पहले 2013 में स्टोक्स को PCA को अपना यंग प्लेयर ऑफ द ईयर चुना था। इन दोनों अवार्ड्स को जीतने वाले स्टोक्स छठे खिलाड़ी बने हैं। यह अवार्ड 1970 से दिया जा रहा है और इसके विजेता की घोषणा वोटिंग के आधार पर होती है। सात खिलाड़ी इस अवार्ड को 2-2 बार जीत चुके हैं।

Advertisement

2019

शानदार रहा है स्टोक्स के लिए यह साल

2019 में स्टोक्स ने 10 टेस्ट मैचों में 772 रन बनाने के अलावा 20 विकेट भी झटके हैं। वनडे की बात करें तो उन्होंने 20 मैचों में 719 रन बनाए हैं और 12 विकेट हासिल किए हैं। इस साल उन्होंने कोई टी-20 मुकाबला नहीं खेला है। स्टोक्स ने विश्व कप 2019 में शानदार खेल दिखाया था और 10 पारियों में पांच अर्धशतकों की बदौलत 465 रन बनाने के अलावा सात विकेट भी झटके थे

अवार्ड

1954 से दिया जा रहा है यह अवार्ड

बीबीसी स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर अवार्ड की शुरुआत 1954 में हुई थी। धीरे-धीरे इसमें बदलाव लाए गए और फिलहाल आठ अवार्ड्स दिए जाते हैं। स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर के लिए दिए जाने वाले अवार्ड को 1950 में बनाया गया था और इसकी कीमत 1,000 पौंड थी। 1981 में ट्रॉफी की एक रेप्लिका बनाकर भारत भेजी गई थी ताकि उस समय भारत में खेल रहे इयान बॉथम यदि जीतें तो उन्हें यह दिया जा सके।

Advertisement