BCCI नई जूनियर क्रिकेट समिति की तलाश में जुटा, जानिए क्या होगी जिम्मेदारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपनी नई जूनियर क्रिकेट समिति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। अंडर-19 और जूनियर स्तर के क्रिकेट में बढ़ती शोहरत और पैसे को देखते हुए बोर्ड ने इस बार समिति के अधिकारों और जिम्मेदारियों को भी बढ़ा दिया है। यह 5 सदस्यीय समिति अब खिलाड़ियों का प्रदर्शन सुधारने के साथ-साथ ड्रग्स, सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग जैसे बड़े खतरों के प्रति जागरूक और शिक्षित करने का भी काम करेगी।
आवेदन
5 सितंबर तक मांगे गए हैं आवेदन
BCCI ने इन पदों के लिए 5 सितंबर तक आवेदन मांगे हैं।
नई समिति एस शरथ की अगुवाई वाली मौजूदा समिति की जगह लेगी, जिसका गठन सितंबर 2021 में हुआ था और अब उसने अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है।
मौजूदा समिति का आखिरी काम जूनियर ईरानी कप के लिए 'रेस्ट ऑफ इंडिया अंडर-23' टीम का चयन करना होगा।
नई समिति कोचिंग शिविरों और जूनियर मुकाबलों के लिए अंडर-22 आयु वर्ग की टीमों का चयन भी करेगी।
जिम्मेदारी
नई समिति की मुख्य जिम्मेदारियां और कार्यभार
नई समिति अंडर-22 आयु वर्ग की टीमों का चयन करने के साथ देश और विदेश में होने वाले घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान युवा प्रतिभावान खिलाड़ियों की खोज और उनके प्रदर्शन का आकलन करने का काम भी करेगी।
वह जूनियर टीमों के लिए कोच, फिजियोथेरेपिस्ट, ट्रेनर, विश्लेषक और मेडिकल स्टाफ नियुक्ति में योगदान, BCCI के जूनियर टूर्नामेंट्स और विदेशों में होने वाले जूनियर दौरों का आयोजन, संचालन और प्रशासनिक कार्यों को भी संभालेगी।
पात्रता
आवेदन के लिए पात्रता और मानदंड
BCCI ने इस समिति का हिस्सा बनने के लिए कुछ सख्ता पात्रता और नियम लागू किए हैं।
इसके तहत आवेदक का एक पूर्व खिलाड़ी होना अनिवार्य, जिसने कम से कम 25 प्रथम श्रेणी मैच खेले हों।
आवेदक को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिए हुए कम से कम 5 वर्ष पूरे हो चुके हों।
इसी तरह BCCI की किसी भी क्रिकेट समिति में कुल मिलाकर 5 साल की सेवा दे चुके आवेदक इस पद के लिए पात्र नहीं होंगे।