Page Loader
बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड: महमूदुल हसन जॉय अपना दूसरा टेस्ट शतक बनाने से चूके, जानिए उनके आंकड़े 
महमूदुल हसन जॉय ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कमाल की पारी खेली तस्वीर: (एक्स/ @BCBtigers)

बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड: महमूदुल हसन जॉय अपना दूसरा टेस्ट शतक बनाने से चूके, जानिए उनके आंकड़े 

Nov 28, 2023
02:11 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट में बांग्लादेश के बल्लेबाज महमूदुल हसन जॉय ने शानदार पारी खेली है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक लगाया है। कीवी टीम के खिलाफ इस खिलाड़ी ने लगातार दूसरे टेस्ट में 50+ का स्कोर बनाया है। जॉय ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के खिलाफ कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई और आराम से खेलते हुए 86 रन की पारी खेली। आइए उनकी पारी पर नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही जॉय की पारी और साझेदारी?

जॉय सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलने आए थे। टीम का पहला विकेट सिर्फ 39 रन पर गिरा, लेकिन जॉय ने अपने विकेट को ना सिर्फ संभाल कर रखा बल्कि खराब गेंद पर बड़ा प्रहार भी किया। उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके लगाए और उनकी स्ट्राइक रेट 51 की रही। जॉय ने मोमिनुल हक के साथ मिलकर 88 रन की साझेदारी निभाई। कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो के साथ उन्होंने 53 रन जोड़े।

आंकड़े

न्यूजीलैंड के खिलाफ कमाल के हैं जॉय के आंकड़े 

न्यूजीलैंड के खिलाफ जॉय अपना दूसरा टेस्ट मैच खेल रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट में कीवी टीम के खिलाफ उनके आंकड़े कमाल के हैं। उन्होंने 2 टेस्ट मैच की 2 पारियों में 82.00 की औसत से रन बनाए हैं। 86 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ उनके बल्ले से 164 रन निकले हैं। उन्होंने दोनों मुकाबलों में अर्धशतक जड़े हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ जॉय ने पहला टेस्ट साल 2022 में खेला था।

इतिहास

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली टेस्ट जीत में जॉय ने खेली थी अर्धशतकीय पारी 

बे-ओवल में पिछले साल खेले गए टेस्ट में बांग्लादेश ने टेस्ट क्रिकेट में पहली बार कीवी टीम को हराया था। बांग्लादेश की पहली पारी में जॉय ने 78 रन की पारी खेली थी। न्यूजीलैंड के 328 रन के जवाब में बांग्लादेश ने 458 रन बना दिए थे। पहली पारी के आधार पर 130 रनों से पिछड़ने वाली कीवी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 169 रनों पर सिमट गई थी। छोटे से लक्ष्य को बांग्लादेश ने आसानी से हासिल किया था।

करियर

कैसा रहा है जॉय का टेस्ट करियर?

जॉय ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2021 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 17 पारियों में 31.88 की औसत से 542 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 4 अर्धशतक और 1 शतक निकला है। जॉय ने अपनी शतकीय पारी दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली थी और 137 रन बनाए थे। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा 164 रन न्यूजीलैंड के ही खिलाफ बनाए हैं।