LOADING...
बांग्लादेश के तकनीकी सलाहकार बने पूर्व भारतीय खिलाड़ी श्रीधरन श्रीराम, विश्व कप तक मिली जिम्मेदारी
बांग्लादेश के तकनीकी सलाहकार बने श्रीराम (तस्वीर: ट्विटर/@RCB)

बांग्लादेश के तकनीकी सलाहकार बने पूर्व भारतीय खिलाड़ी श्रीधरन श्रीराम, विश्व कप तक मिली जिम्मेदारी

Aug 19, 2022
04:03 pm

क्या है खबर?

पूर्व भारतीय स्पिनर श्रीधरन श्रीराम को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपना तकनीकी सलाहकार नियुक्त किया है। वह बांग्लादेश की टीम के साथ अपनी इस भूमिका में टी-20 विश्व कप 2022 तक काम करेंगे। BCB के अध्यक्ष नजमुल हसन ने यह जानकारी दी है। बता दें श्रीराम ने लम्बे समय तक ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के साथ सहायक कोच के तौर पर काम किया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

श्रीराम की नियुक्ति पर क्या बोले BCB अध्यक्ष?

नजमुल हसन ने श्रीराम की नियुक्ति पर शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, "हमने उन्हें इसलिए अपने साथ जोड़ा है क्योंकि उन्हें IPL में काम करने का अनुभव है। इसके अलावा विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में है जहां उन्होंने लंबे समय तक काम किया है।" बता दें श्रीराम ने छह साल तक ऑस्ट्रेलिया के साथ काम करने के बाद पिछले महीने ही अपना सहायक कोच का पद छोड़ा था।

अंतरराष्ट्रीय करियर

भारत के लिए आठ वनडे खेल चुके थे श्रीराम

साल 2000 में नागपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रीराम ने अपना वनडे अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। उन्होंने भारत के लिए आठ वनडे खेले, जिसमें 81 रन बनाए थे। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने नौ विकेट हासिल किए थे। वह बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी किया करते थे। साल 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में खेला गया वनडे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच साबित हुआ था।

Advertisement

स्पिन कोच

ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाजों के साथ अहम भूमिका निभा चुके हैं श्रीराम

2016 में डैरेन लेहमैन के कार्यकाल में स्पिन कोच के रूप में नियुक्त होने के बाद से श्रीराम ऑस्ट्रेलिया के कोचिंग सेट-अप में एक महत्वपूर्ण व्यक्ति रहे हैं। विशेष रूप से एडम जैम्पा और एश्टन एगर के करियर पर उनका बड़ा प्रभाव रहा है। इसके अलावा उन्होंने नाथन लियोन के साथ मिलकर काम किया है। उनकी देखरेख में ही ग्लेन मैक्सवेल ने अपनी गेंदबाजी में खासा सुधार किया है। वह मैक्सवेल के साथ RCB में भी काम कर चुके हैं।

Advertisement

जानकारी

हाल ही में शाकिब को टी-20 टीम का कप्तान बनाया गया

BCB ने हाल ही में शाकिब अल हसन को टी-20 टीम का नया कप्तान बनाया था। उन्हें भी कप्तानी की जिम्मेदारी बोर्ड ने टी-20 विश्व कप 2022 तक के लिए सौपीं थी। वह एशिया कप 2022 में टीम का नेतृत्व करते दिखेंगे।

Advertisement