Page Loader
न्यूजीलैंड को हराकर ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने बनाया लगातार सबसे अधिक वनडे जीतने का रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड को हराकर ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने बनाया लगातार सबसे अधिक वनडे जीतने का रिकॉर्ड

लेखन Neeraj Pandey
Apr 04, 2021
03:19 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम ने लगातार सबसे अधिक वनडे मैच जीतने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। मेग लेनिंग की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड को हराते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। एलिस पेरी (56*) और एश्लेघ गार्डनर (53*) की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 213 रनों का लक्ष्य हासिल किया। आइए जानते हैैं कैसा रहा मुकाबला और कैसे महिला टीम ने बनाया विश्व रिकॉर्ड।

क्या आप जानते हैं?

ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने तोड़ा पोंटिंग की टीम का रिकॉर्ड

यह ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम की लगातार 22वीं जीत है। इसके साथ ही उन्होंने रिकी पोंटिंग की टीम के लगातार 21 वनडे जीतने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। पोंटिंग की टीम ने 2003 जनवरी से मई के बीच यह रिकॉर्ड बनाया था।

विनिंग स्ट्रीक

मार्च 2018 में शुरु हुई थी महिला टीम की विनिंग स्ट्रीक

भारत को उनके घर में हराने के साथ ही मार्च 2018 में ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम की विनिंग स्ट्रीक शुरु हुई थी। इस दौरान उन्होंने भारत को 3-0, पाकिस्तान को 3-0, न्यूजीलैंड को 3-0, इंग्लैंड को 3-0, श्रीलंका को 3-0, न्यूजीलैंड को 3-0 और अब फिर न्यूजीलैंड को हराया है। गौरतलब है कि एलिसी हीली, बेथ मूनी, रेचेल हेनेस और एश्लेघ गार्डनर ने इन सभी 22 मैचों में हिस्सा लिया है।

लेखा-जोखा

इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने जीता मुकाबला

पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने शुरुआत में हेली जेंसन का विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद अच्छी शुरुआत की। लौरेन डॉन (90) की अच्छी पारी के बावजूद वे 212 रन ही बना सकी थीं। ऑस्ट्रेलिया ने हीली (65), पेरी (56*) और गार्डनर (53*) की अच्छी पारियों की बदौलत आसानी से लक्ष्य को हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने विपक्षी गेंदबाजों को सेटल होने का मौका नहीं दिया।

प्रदर्शन

इन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने किया अच्छा प्रदर्शन

ऑस्ट्रेलिया के लिए मेगन शूट सबसे बेहतरीन गेंदबाज रहीं और उन्होंने केवल 32 रन खर्च करते हुए सबसे अधिक चार विकेट चटकाए। निकोला केरी ने भी 34 रन खर्च करके तीन विकेट अपने नाम किए। ओपनर हीली ने जहां अपना 12वां वनडे शतक लगाया तो वहीं पेरी ने 28वीं बार वनडे में 50 रन बनाए। गार्डनर ने छक्के के साथ मैच को समाप्त किया और विश्व रिकॉर्ड बनाने में ऑस्ट्रेलिया को सफलता दिलाई।