Page Loader
ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका: टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ऐसा रहा है एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन
11 फरवरी से शुरू होगी टी-20 सीरीज (तस्वीर- Twitter/@CricketAus)

ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका: टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ऐसा रहा है एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन

Feb 10, 2022
12:45 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत 11 फरवरी से हो जाएगी। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) में शुरुआती दो मैच खेले जाएंगे। इसके बाद तीसरा मैच कैनबरा में जबकि आखिरी दो मैच मेलबर्न में खेले जाएंगे। श्रीलंका ने आखिरी बार अक्टूबर 2019 में ऑस्ट्रेलिया में टी-20 सीरीज खेली थी और शिकस्त झेली थी। ऐसे में इस बार टीम इतिहास बदलना चाहेगी। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दोनों टीमों के आमने-सामने प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

ऐसा रहा है आमने-सामने मुकाबला

दोनों टीमें कुल 17 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आपस में भिड़ी हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने नौ में जीत हासिल की है। वहीं आठ मुकाबलों में श्रीलंका जीत दर्ज करने में सफल हुई है। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2021 टी-20 विश्व कप में हुई थी, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को सात विकेट से हराया था। आखिरी बार श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया 2019-20 में तीन मैचों की द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में आपस में भिड़ी, जिसमें मेजबान कंगारू टीम ने क्लीन स्वीप किया था।

जानकारी

घर पर श्रीलंका के खिलाफ इकलौती बार जीती है ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ घर में सिर्फ एक सीरीज जीती है। उन्होंने अक्टूबर 2019 में 3-0 से जीत हासिल की। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम लगातार तीन सीरीज 2010, 2013 और 2017 में श्रीलंका से हार गई थी।

सर्वाधिक रन

श्रीलंका के खिलाफ वार्नर ने बनाए हैं सर्वाधिक रन

डेविड वार्नर टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में श्रीलंका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 13 मैचों में 56.88 की अविश्वसनीय औसत से 512 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक भी लगाए हैं। सबसे छोटे प्रारूप में वार्नर श्रीलंका के खिलाफ 500 से ज्यादा रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उनके बाद ग्लेन मैक्सवेल हैं, जिन्होंने 286 रन बनाए हैं।

जानकारी

वार्नर ने लगाया चौथा सबसे तेज शतक

2019 में वार्नर ने एडिलेड में पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में श्रीलंका के खिलाफ 56 गेंदों में शतक बनाया। यह सबसे छोटे प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया के लिए चौथा सबसे तेज शतक है। ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज शतक आरोन फिंच के नाम है।

सर्वाधिक विकेट

श्रीलंका के खिलाफ सर्वाधिक विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई हैं जैम्पा

लेग स्पिनर एडम जैम्पा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में श्रीलंका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने आठ मैचों में 10.62 की शानदार औसत से 16 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका इकॉनमी रेट 5.31 रहा है। जैम्पा के बाद इस सूची में तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (11) और पैट कमिंस (10) हैं। कमिंस 2019 सीरीज (6) में श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे।