टी-20 विश्व कप 2024: ऑस्ट्रेलिया ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2024 के 35वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ स्कॉटलैंड सुपर-8 की रेस से बाहर हो गई है।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम को स्कॉटलैंड की इस हार से बहुत बड़ा फायदा हुआ है। पिछले टी-20 विश्व कप की चैंपियन रही इंग्लैंड सुपर-8 में पहुंच गई है।
ऐसे में आइए मुकाबले में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। कंगारू टीम की फील्डिंग बेहद खराब रही और उन्होंने मुकाबले में कई कैच छोड़े।
स्कॉटलैंड ने इसका फायदा उठाया और 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 180 रन बना दिए। ब्रैंडन मैकमुलेन ने स्कॉटलैंड के लिए सबसे बड़ी पारी (60) खेली।
कप्तान रिची बेरिंगटन के बल्ले से 42 रन निकले। जवाब में मार्कस स्टोइनिस (59) और ट्रेविस हेड (68) की शानदार पारियों के कारण ऑस्ट्रेलिया को जीत मिल गई।
बड़ा
स्कॉटलैंड ने बनाया टी-20 विश्व कप का सबसे बड़ा स्कोर
स्कॉटलैंड ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में अपना सबसे बड़ा स्कोर (180/5) बनाया है। इससे पहले टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 176/5 था। उन्होंने साल 2022 में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ यह स्कोर बनाया था।
साल 2021 के टी-20 विश्व कप में स्कॉटलैंड ने पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ 165/9 का स्कोर बनाया था और यह उनका तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
टी-20 विश्व कप में पहली बार स्कॉटलैंड ने 180 रन का आंकड़ा पार किया है।
अर्धशतक
मैकमुलेन ने जड़ा चौथा अर्धशतक
मैकमुलेन ने मैच में 34 गेंद का सामना किया और 60 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 176.47 की रही।
यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस खिलाड़ी का चौथा अर्धशतक है।
उन्होंने अब तक 13 मैच खेले हैं और इसकी 12 पारियों में 36.30 की औसत से 363 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 152.52 की रही है। मैकमुलेन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 96 रन रहा है।
रिकॉर्ड
मैकमुलेन ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि
मैकमुलेन स्कॉटलैंड के लिए टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा बार 50+ का स्कोर बनाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
उन्होंने 2 बार 50+ का स्कोर इसी विश्व कप में बनाया है। उनसे पहले जॉर्ज मुन्से ने साल 2022 के विश्व कप में 2 बार 50+ का स्कोर बनाया था।
कप्तान बेरिंगटन यह रिकॉर्ड बनाने वाले पहले खिलाड़ी थे। उन्होंने साल 2021 के विश्व कप के 2 मुकाबलों में 50+ का स्कोर बनाया था।
रन
हेड ने जड़ा टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक
हेड ने मैच में 49 गेंद का सामना किया और 68 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 5 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 138.78 की रही। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक रहा।
इस खिलाड़ी ने टी-20 क्रिकेट में अपने 150 छक्के भी पूरे किए।
हेड ने अब तक टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 30 मैच खेले हैं और 32.16 की औसत से 804 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 148.88 की रही है।
पारी
स्टोइनिस ने टी-20 विश्व कप 2024 का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ा
स्टोइनिस ने मैच में सिर्फ 25 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया। यह टी-20 विश्व कप 2024 का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है।
वह 29 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 9 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 203.45 की रही।
स्टोइनिस के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह चौथा अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक 63 मैच खेले हैं और 32.23 की औसत से 1,096 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 150.13 की रही है।