ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
डरबन में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को पहले टेस्ट मैच में 214 रन से हरा दिया। इसी के साथ 3 मैचों की सीरीज में उसने 1-0 की बढ़त ले ली है। दक्षिण अफ्रीका को दूसरी पारी में जीत के लिए 421 रन की जरूरत थी, लेकिन पूरी टीम 206 रन बनाकर ही ऑलआउट हो गई। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। मैट रेनशॉ (190) की शानदार पारी के मदद से टीम 390 रन बनाने में सफल रही।
जवाब में दक्षिण अफ्रीका 284 रन पर ऑलआउट हो गई।
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी 314/6 के स्कोर पर घोषित की और रेनशॉ के बल्ले से 82 रन निकले।
दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में सबसे ज्यादा 75 रन एडेन मार्करम ने बनाए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड ने 6 विकेट लिए।
रिकॉर्ड
रेनशॉ ने शानदार शतकीय पारी खेली
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने जब 84 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब रेनशॉ क्रीज पर आए थे।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और 213 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
उन्होंने विपक्षी टीम के गेंदबाजों को अपने विकेट के लिए तरसा दिया।
वह दूसरे दिन के आखिरी सत्र के दौरान आउट हुए। उन्होंने 397 गेंदों में 21 चौकों और एक छक्के की बदौलत 190 रन बनाए।
रिकॉर्ड
रेनशॉ ने नाथन लियोन के साथ मिलकर ये रिकॉर्ड बनाया
रेनशॉ ने नाथन लियोन के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी की।
यह अब टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से 9वें या उससे निचले विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है।
सूची में एश्टन एगर-फिल ह्यूज (163 रन बनाम इंग्लैंड, नॉटिंघम, 2013) और जे ब्लैकहम-एस ग्रेगरी (154 रन बनाम इंग्लैंड, सिडनी, 1894) की जोड़ी उनसे आगे है।
यह दक्षिण अफ्रीका में 9वें या उससे निचले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
उपलब्धि
रेनशॉ ने ये रिकॉर्ड्स बनाए
रेनशॉ ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया। इससे पहले उन्होंने 2017 में शतकीय पारी खेली थी।
क्रिकबज के मुताबिक, रेनशॉ ने 9 साल और 280 दिन (3,567 दिन) के बाद टेस्ट में शतक लगाया।
यह किसी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के लिए 2 टेस्ट शतकों के बीच तीसरा सबसे लंबा अंतराल है।
उनसे आगे इस सूची में वॉरेन बार्डस्ले (13 साल और 346 दिन, 1912-1926) और बॉब सिम्पसन (10 साल और 1 दिन, 1968-1978) का नाम आता है।
जानकारी
पहली बार हारे तेम्बा बावुमा
कमिंस की अगुआई में ऑस्ट्रेलिया ने इतिहास रचा। तेम्बा बावुमा का टेस्ट कप्तान के रूप में अजेय रहने का सिलसिला टूट गया। उन्हें पहली बार टेस्ट कप्तान के तौर पर हार का सामना करना पड़ा है। बावुमा लगातार 12 मैच से नहीं हारे थे।
संघर्ष
दूसरी पारी में मार्करम ने अकेले किया संघर्ष
दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में मार्करम ने अकेले संघर्ष किया। उन्होंने 237 गेंदों का सामना किया और 75 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
उनके बल्ले से 10 चौके निकले।
ये उनके टेस्ट करियर का 14वां अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक 51 मुकाबले खेले हैं और इसकी 94 पारियों में 35.91 की औसत से 3,304 रन बनाने में सफल रहे हैं। उन्होंने 8 शतक भी लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 152 रन रहा है।
दूसरी
दूसरी पारी में ऐसी रही हेजलवुड की गेंदबाजी
हेजलवुड ने अपनी दूसरी पारी में 420 रन का लक्ष्य लेकर उतरी मेजबान प्रोटियाज टीम को रयान रिकेल्टन (2) के रूप में पहला झटका देते हुए अपने विकेटों का खाता खोला।
इसके बाद उन्होंने डेविड बेडिंघम (46), वियान मुल्डर (29), मार्को यानसन (35), साइमन हार्मर (0) और एनरिख नोर्खिया (4) को भी पवेलियन की राह दिखाई।
उन्होंने पारी में 16.5 ओवर में 4 मेडन के साथ 49 रन खर्च करते हुए ये सफलताएं अर्जित की।
दमदार
पिछले 3 सालों में कमाल के हैं हेजलवुड के आंकड़े
साल 2024 से अब तक दुनिया के 25 गेंदबाजों ने टेस्ट क्रिकेट में 50 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।
इसमें हेजलवुड भी शामिल है, लेकिन इनमें से किसी भी गेंदबाज की औसत हेजलवुड से बेहतर नहीं है।
हेजलवुड ने इस अविध में 14.83 की दमदार औसत और 33.20 की स्ट्राइक रेट से 67 विकेट अपने नाम किए हैं।
हेजलवुड के टेस्ट करियर का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी साबित हुआ।