Page Loader
एशियाई खेल: अनंतजीत सिंह ने जीता रजत पदक, 58 शॉट सही निशाने पर लगाए
अनंतजीत सिंह ने जीता रजत पदक (तस्वीर: एक्स/@thebharatarmy)

एशियाई खेल: अनंतजीत सिंह ने जीता रजत पदक, 58 शॉट सही निशाने पर लगाए

Sep 27, 2023
04:50 pm

क्या है खबर?

चीन के हांगझोउ में चल रहे 19वें एशियाई खेल में अनंतजीत सिंह ने शूटिंग में भारत को एक और पदक (रजत) दिलाया। एशियाई खेलों के इतिहास में यह पहली बार है कि भारत ने इस स्पर्धा में रजत पदक जीता है। शानदार शुरुआत करने वाले अनंतजीत ने 60 में 58 शॉट सही निशाने पर लगाए। उनके अलावा कुवैत के अबदुल्लाह अलरसीदी ने विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए 60 में 60 सही निशाने लगाए और स्वर्ण पदक जीता।

अन्य खेल

ईशा सिंह ने भी जीता रजत पदक

अनंतजीत के अलावा शूटिंग में ईशा सिंह ने भी रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल प्रतियोगिता में 34 स्कोर किया। दूसरी ओर मेजबान चीन की लियू रुई ने 38 स्कोर कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। साथ ही कोरिया की जिन ने 26 का स्कोर कर कांस्य पदक जीता। इससे पहले भारत की महिला हॉकी टीम ने अपने पहले ही मैच में सिंगापुर को 13-0 से हराकर जीत के साथ आगाज किया।

प्रदर्शन

तलवारबाजी में भारतीय महिला टीम क्वार्टर फाइनल में

तलवारबाजी में भारतीय महिला टीम ने जॉर्डन की टीम को 45-36 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अगर तलवारबाजी में भारतीय महिला टीम को सेमीफाइनल में पहुंचना है तो उन्हें अगले मैच में दक्षिण कोरिया को हराना होगा। शतरंज की बात करें तो हरिका द्रोणावल्ली ने टेबल टॉपर चीन की जिनर झू को 1-0 से हरा दिया। टेबल टेनिस में मानव ठक्कर और मानुष शाह की भारतीय जोड़ी ने अंतिम-32 में प्रवेश किया।