एशिया कप 2023: कुसल मेंडिस वनडे करियर का तीसरा शतक जमाने से चूके, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
एशिया कप 2023 के सुपर-4 दौर के 5वें मुकाबले में गुरुवार को श्रीलंका के बल्लेबाज कुसल मेंडिस (91) ने शानदार पारी खेली।
मेंडिस दुर्भाग्यशाली रहे और अपने वनडे क्रिकेट करियर का तीसरा शतक जमाने से केवल 9 रन से चूक गए।
हालांकि, इस बल्लेबाज की पारी की बदौलत की श्रीलंका क्रिकेट टीम इस मुकाबले में पाकिस्तान हराने में कामयाब रही।
आइए मेंडिस की पारी और उनके आंकड़ों के बारे में जानते हैं।
रिपोर्ट
ऐसी रही मेंडिस की पारी और साझेदारी
मेंडिस ने पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम की बागडोर अच्छे से संभालते हुए अहम मौके पर आवश्यक रन बटोरे।
उन्होंने पारी में 104.60 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 87 गेंदों में 91 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का जमाया।
मेंडिस ने तीसरे विकेट के लिए साथी खिलाड़ी सदीरा समराविक्रमा के साथ मिलकर 98 गेंद में 100 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाते हुए टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
मेंडिस मौजूदा एशिया कप 2023 में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वह 5 मैचों में अब तक 250 से अधिक रन बना चुके हैं। दूसरे नंबर पर भी श्रीलंका के ही सदीरा समराविक्रमा (215) हैं।
रिपोर्ट
इस साल शानदार लय में हैं मेंडिस
28 साल के मेंडिस इस साल वनडे क्रिकेट में गजब की निरंतरता के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं।
इस साल अब तक खेले गए 21 मैचों में उन्होंने 34.23 की औसत और 84.59 की स्ट्राइक रेट के साथ 582 रन बनाए हैं।
इस दौरान 92 के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने इस प्रारूप में 5 अर्धशतक जमाया है। कुल 20 पारियों में से वह 3 बार नाबाद भी रहे हैं।
रिपोर्ट
मेंडिस का वनडे करियर
28 साल के बल्लेबाज मेंडिस ने अपने वनडे क्रिकेट करियर में अब तक 111 मैच खेले हैं।
108 पारियों में वह अब तक 32.30 की औसत और 84.76 की स्ट्राइक रेट से 3,198 रन बना चुके हैं।
वह श्रीलंका की ओर से इस प्रारूप में 2 शतकों के अलावा अब तक 25 अर्धशतक भी जमा चुके हैं। वनडे में उनका उच्चतम स्कोर 119 रन का है।
रिपोर्ट
श्रीलंका ने फाइनल में किया प्रवेश, भारत से होगी जंग
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 42 ओवरों (संशोधित ओवर) में 7 विकेट खोकर 252 रन बनाए थे।
लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी श्रीलंका टीम ने 8 विकेट खोकर अंतिम गेंद पर विजयी रन बनाते हुए मैच 2 विकेट से जीत लिया।
श्रीलंका ने 11वीं बार एशिया कप के फाइनल में प्रवेश किया है। 5 बार टीम ने खिताब (वनडे) जीतने में सफलता पाई है।
श्रीलंका और भारत के बीच फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।