अर्जुन तेंदुलकर ने MI छोड़ने को लेकर कहा- कोई भी बेंच पर नहीं बैठना चाहता
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के साथ नई पारी शुरू करने को तैयार हैं। अर्जुन IPL 2021 से 2025 तक मुंबई इंडियंस (MI) के साथ रहे, लेकिन उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले। ऐसे में उन्होंने इस साल LSG का दामन थाम लिया। उन्हें उम्मीद है कि उन्हें MI के मुकाबले LSG की ओर से खेलने के ज्यादा मौके मिलेंगे। जानते हैं उन्होंने क्या कहा।
बयान
अर्जुन ने क्या दिया बयान?
एक पॉडकास्ट कार्यक्रम में अर्जुन से पूछा गया कि उन्होंने IPL में MI के लिए कुछ मैच खेले हैं और उनमें अच्छी गेंदबाजी भी की। उनकी स्विंग काफी अच्छी थी, तो क्या उन्हें लगता है कि उन्हें टीम में और मौके मिलने चाहिए थे? इस पर अर्जुन ने कहा, "ऐसा किसे नहीं लगता? कोई भी बेंच पर बैठना नहीं चाहता है। हम कड़ी मेहनत करना चाहते हैं और मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं।"
खिलाफत
अर्जुन ने की इम्पैक्ट प्लेयर नियम की खिलाफत
अर्जुन ने IPL के एक विवादास्पद नियम इम्पैक्ट प्लेयर पर भी अपने विचार साझा किए, जिसकी हाल ही में कई भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने आलोचना की है। उन्होंने कहा, "क्रिकेट 11 खिलाड़ियों का खेल है और इसे इसी तरह खेला जाना चाहिए। 11 खिलाड़ियों को चुनिए और खिलाइए क्योंकि अंतरराष्ट्रीय टी-20 में और किसी भी अन्य लीग में कोई इम्पैक्ट प्लेयर नहीं होता है। इसलिए, मैं व्यक्तिगत रूप से इम्पैक्ट प्लेयर नियम के खिलाफ हूं।"
उम्मीद
LSG को लेकर क्या बोले अर्जुन?
LSG के मध्य क्रम के बारे में पूछे जाने पर अर्जुन ने कहा, "हमारा मध्य क्रम भी बहुत मजबूत है। टी-20 एक ऐसा खेल है जहां कोई भी किसी को भी हरा सकता है, इसलिए मुझे लगता है कि इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने का हमारे पास अच्छा मौका है।" इस दौरान अर्जुन ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े सवालों के भी बेबाक अंदाज में जवाब दिए और कहा कि वह ज्यादातर समय अपने कुत्तों के साथ बिताते हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां सुने अर्जुन ने निजी जिंदगी से जुड़े सवालों के क्या दिए जवाब
Shubhankar: How do you keep yourself so calm and cool?
— Cricketopia (@CricketopiaCom) March 31, 2026
Arjun: I have 5 dogs in Goa & I spend time playing with them.
Shubhankar: Do you have friends who are cricketers?
Arjun: I don’t really have cricketer friends, most of my friends don’t play cricket.pic.twitter.com/gZJMrcO7Df
करियर
कैसा रहा है अर्जुन का IPL करियर?
अर्जुन ने साल 2023 में अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 5 मैच खेले हैं, जिसमें 38 की औसत और 9.36 की इकॉनमी से 3 विकेट लेने में सफल रहे हैं। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1/9 का रहा है। वह 29 टी-20 मैचों में 22.97 की औसत और 8.58 की इकॉनमी से 35 विकेट चटकाने में सफल रहे हैं। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल लिया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/10 विकेट का रहा है।