
श्रीलंका बनाम इंग्लैंड: दूसरे टेस्ट में एंजेलो मैथ्यूज ने लगाया शतक, बनाए ये रिकार्ड्स
क्या है खबर?
इंग्लैंड के खिलाफ गाले में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज ने अपने करियर का 11वां शतक लगाया।
पहले दिन के खेल की समाप्ति तक श्रीलंका ने चार विकेट खोकर 229 रन बना लिए हैं, जबकि क्रीज पर मैथ्यूज (107*) और विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला (19*) मौजूद हैं।
आइए एक नजर डालते हैं मैथ्यूज द्वारा बनाए गए रिकार्ड्स पर।
बल्लेबाजी
मैथ्यूज ने धैर्य से की बल्लेबाजी
दूसरे टेस्ट में एंजेलो मैथ्यूज फिलहाल 228 गेंदों में 107 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने 46.93 के स्ट्राइक रेट और 11 चौकों की मदद से शतक लगाया है।
उन्होंने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए घातक दिख रहे जेम्स एंडरसन को सहजता से खेला और फिर इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों डॉम बेस और जैक लीच के खिलाफ भी अच्छी बल्लेबाजी की।
उन्होंने एक छोर संभाले रखा है और टीम को कोई नुकसान नहीं होने दिया।
साझेदारी
मैथ्यूज ने चंडीमल के साथ शतकीय साझेदारी की
जब टीम का स्कोर 7/2 था तब मैथ्यूज बल्लेबाजी के लिए आए।
उन्होंने लाहिरू थिरिमाने (43) के साथ मिलकर 69 रन की साझेदारी की और श्रीलंका को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला।
इसके बाद मैथ्यूज को कप्तान दिनेश चंडीमल (52 रन, 121 गेंदे) का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली।
इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की।
शतकीय साझेदारी की बदौलत श्रीलंका ने पहले दिन अच्छा स्कोर बनाया।
रिकॉर्ड
मैथ्यूज ने पुजारा और हर्शल गिब्स को पीछे छोड़ा
अपना 88वां टेस्ट मैच खेल रहे मैथ्यूज फिलहाल 6,186 रन बना चुके हैं।
उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में रन बनाने के मामले में भारत के चेतेश्वर पुजारा (6,111) और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हर्शल गिब्स (6,167) को पीछे छोड़ दिया।
मैथ्यूज ने टेस्ट क्रिकेट में अपने घर पर 3,300 रनों का आंकड़ा भी पार किया।
उन्होंने अपना पांचवां टेस्ट शतक घरेलू धरती पर बनाया और श्रीलंका में इंग्लैंड के खिलाफ पहला शतक था।
उपलब्धि
इंग्लैंड के खिलाफ हासिल की ये उपलब्धि
मैथ्यूज ने टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ अपना कुल तीसरा शतक लगाया।
वह कुमार संगाकारा के साथ सयुंक्त रूप से इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
बता दें महेला जयवर्धने आठ शतकों के साथ इस सूची में सबसे ऊपर हैं।
वह इंग्लैंड के खिलाफ भी 950 रनों के आंकड़े को पार कर चुके हैं और इस उपलब्धि को दर्ज करने वाले तीसरे श्रीलंका के बल्लेबाज बन गए हैं।
रिकार्ड्स
मैथ्यूज के कुछ अन्य रिकार्ड्स
गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में यह मैथ्यूज का पहला टेस्ट शतक था। इस मैदान पर अपना पहला टेस्ट शतक लगाने के लिए उन्होंने 34 पारियां खेली हैं।
इससे पहले 33 पारियों में उन्होंने 11 अर्द्धशतक अपने नाम किए थे।
अनुभवी बल्लेबाज मैथ्यूज ने साल 2015 के बाद से घर पर अपना पहला शतक बनाया है।
बता दें कि पिछली छह पारियों में यह उनका चौथा पचास से अधिक का स्कोर हैं।