Page Loader
आंध्र प्रदेश ने दर्ज की टी-20 इतिहास की सबसे बड़ी जीत, तोड़ा श्रीलंका का रिकॉर्ड

आंध्र प्रदेश ने दर्ज की टी-20 इतिहास की सबसे बड़ी जीत, तोड़ा श्रीलंका का रिकॉर्ड

Feb 23, 2019
02:47 pm

क्या है खबर?

भारत के घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इस साल हर दिन कोई न कोई रिकॉर्ड बनता ही जा रहा है। गुरुवार को टूर्नामेंट के पहले दिन जहां श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने टी-20 के बड़े कीर्तिमान अपने नाम किए। वहीं दूसरे दिन शुक्रवार को आंध्र प्रदेश क्रिकेट टीम ने भी एक बड़ा रिकॉर्ड बना डाला। आंध्र प्रदेश ने इसके साथ ही श्रीलंका क्रिकेट टीम के 12 साल पुराने विश्व रिकॉर्ड को धव्स्त कर दिया है।

टी-20

पूरे मैच का लेखा-जोखा

आंध्र प्रदेश ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में 4 विकेट पर 244 रन बनाएं थे। जिसके जवाब में नागालैंड की पूरी टीम 13.1 ओवरों में महज़ 65 रनों पर सिमट गई और आंध्र ने 179 रनों से ये मैच जीत लिया। बता दें कि रनों के अंतराल के हिसाब से ये इस टूर्नामेंट के साथ-साथ टी-20 क्रिकेट की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले कल मुंबई ने सिक्किम को 154 रनों से हराया था।

क्या आप जानते हैं?

आंध्र प्रदेश ने दर्ज की T-20 इतिहास की सबसे बड़ी जीत

आंध्र प्रदेश ने नागालैंड पर 179 रनों से जीत दर्ज की। रनों के अंतराल के हिसाब से ये टी-20 क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले ये रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम था। जिसने 2007 में केन्या को 172 रनों से हराया था।

रिकॉर्ड

रिकी भुई ने महज़ 37 गेंदो में पूरा किया शतक

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आंध्र के लिए तीन नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए रिकी भुई ने 42 गेंदो में 108 रनों की नाबाद पारी खेली। रिकी भुई ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 5 चौके और 10 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह टी-20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे तेज़ शतक बनाने के मामले में चौथे नंबर पर आ गए हैं। भारत के लिए टी-20 में सबसे तेज़ शतक लगाने का रिकॉर्ड ऋषभ पंत (32) के नाम है।

जानकारी

ये रहे आंध्र प्रदेश की जीत के हीरो

आंध्र प्रदेश के लिए कप्तान हनुमा विहारी ने 44, ग्रिनाथ रेड्डी ने 62 और रिकी भुई ने 108 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके बाद गेंदबाज़ी में आंध्र के लिए शशिकांत, इसमाइल और कर्ण शर्मा ने 3-3 विकेट अपने नाम किए।

कीर्तिमान

श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने अपने नाम किए थे ये रिकॉर्ड

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलते हुए श्रेयस अय्यर ने 55 गेंदो में 147 रन बनाएं थे। इसके साथ ही वह टी-20 क्रिकेट में एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए थे। वहीं झारखण्ड के लिए खेलते हुए ईशान किशन ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 55 गेंदो में 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी। इसके साथ ही वह टी-20 क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर-कप्तान शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए थे।