भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टीम में शामिल हुए आमिर जांगू
क्या है खबर?
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ आगामी 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज आमिर जांगू को टीम में शामिल किया है। यह फैसला ज्वेल एंड्रयू की उंगली में लगी चोट के बाद लिया गया है। एंड्रयू को भारत के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान चोट लगी थी। हालांकि, उन्हें अभी सीरीज से बाहर नहीं किया गया है। वह मेडिकल टीम की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
चोट
ऐसे लगी थी एंड्रयू को चोट
19 वर्षीय एंड्रयू के लिए भारत के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत निराशाजनक रही थी। पहले वनडे में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे।
दूसरे मुकाबले से बाहर रहने के बाद उन्होंने तीसरे वनडे में वापसी की। हालांकि, इस मैच में नमन धीर का कैच लेने की कोशिश के दौरान कवर क्षेत्र में उनकी उंगली में चोट लग गई।
उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। राहत की बात रही कि जांच में फ्रैक्चर नहीं मिला।
फॉर्म
कमाल की फॉर्म में हैं जांगू
जांगू ने वनडे सीरीज में शानदार फॉर्म दिखाते हुए नाबाद 58, 114 और 67 रन की पारियां खेलीं। उन्होंने कुल 239 रन बनाए और दोनों टीमों के बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे।
उनसे आगे भारत के शुभमन गिल (334 रन) और वेस्टइंडीज के शाई होप (278 रन) रहे।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी-20 मुकाबला मंगलवार को लखनऊ में खेला जाएगा। जांगू के लिए यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अहम मौका होगा।
करियर
ऐसा रहा है जांगू का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
जांगू ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2025 में नेपाल क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 7 मुकाबले खेले हैं और इसकी 7 पारियों में 32.60 की औसत और 120.74 की स्ट्राइक रेट से 163 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 74 रन रहा है।
कुल 34 टी-20 में उन्होंने 27.30 की औसत से 710 रन बनाए हैं।
टीम
ऐसी है वेस्टइंडीज की पूरी टीम
ऐसी है भारत के खिलाफ सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टी-20 टीम: शाई होप (कप्तान), आमिर जांगू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरन हेटमायर, अकील हुसैन, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड और शमार स्प्रिंगर।
अब तक ये दोनों टीमें टी-20 प्रारूप में कुल 31 मैचों में आमने-सामने हुई है, इसमें से 20 में भारत को जीत मिली है और 10 मैच वेस्टइंडीज ने अपने नाम किए हैं।