Page Loader
विश्व कप 2023: अक्षर और अश्विन में किस खिलाड़ी को मिलेगी जगह? जानिए दोनों के आंकड़े 
रविंचद्रन अश्विन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा थे (तस्वीर: एक्स/@ICC)

विश्व कप 2023: अक्षर और अश्विन में किस खिलाड़ी को मिलेगी जगह? जानिए दोनों के आंकड़े 

Sep 28, 2023
10:29 am

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर से होने वाला है। भारतीय क्रिकेट टीम अपना पहला मैच 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। भारतीय टीम का चयन विश्व कप के लिए हो गया है, लेकिन टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी अक्षर पटेल चोटिल हो गए हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में रविचंद्रन अश्विन को मौका दिया गया। अब विश्व कप से पहले सबसे बड़ा सवाल है कि इन दोनों खिलाड़ियों में किसे टीम में जगह मिलेगी।

आंकड़े

वनडे क्रिकेट में कैसा रहा है अश्विन का प्रदर्शन?

अश्विन ने अपना पहला वनडे साल 2010 में खेला था। वह 2011 विश्व कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। उन्होंने अब तक 115 वनडे मैच खेले हैं और 33.20 की औसत से 155 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/25 का रहा है। उन्होंने अपने वनडे करियर में 1 बार भी 5 विकेट हॉल नहीं लिया है। बल्लेबाजी की बात करें तो अश्विन ने 115 मुकाबलों में 16.44 की खराब औसत से 707 रन बनाए हैं।

प्रदर्शन 

वनडे क्रिकेट में कैसा रहा है अक्षर पटेल का प्रदर्शन?

अक्षर साल 2015 में खेले गए वनडे विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे। हालांकि, उन्हें ज्यादा मुकाबलों में मौका नहीं मिला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 54 मैच खेले हैं और 32.23 की औसत से 59 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/24 विकेट का रहा है। अक्षर ने 4.54 की इकॉनमी से गेंदबाजी की है। बल्लेबाजी में उन्होंने 20.04 की औसत से 481 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने वनडे करियर में 2 अर्धशतक लगाए हैं।

विश्व कप

विश्व कप में कैसा रहा है अश्विन का प्रदर्शन?

अश्विन ने भारत के लिए 2 विश्व कप खेले हैं। 10 मुकाबलों में इस खिलाड़ी ने 24.88 की औसत से 17 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/25 विकेट का रहा है। उन्होंने विश्व कप में 4.36 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की है। वह 1 बार 4 विकेट हॉल लेने में सफल रहे हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी में अश्विन ने अब तक 1 भी वनडे मुकाबला नहीं खेला है।

कप्तानी

रोहित की कप्तानी में कैसा रहा है अक्षर का प्रदर्शन?

रोहित की कप्तानी में अक्षर ने 8 वनडे मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 68.00 की औसत से 4 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 5.78 की रही है। बल्लेबाजी में अक्षर ने रोहित की कप्तानी में 31.61 की औसत से 187 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 56 रन रहा है। विश्व कप की टीम में अभी रविंद्र जडेजा हैं, वह अक्षर की तरह ही गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों करते हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस 

विश्व कप के लिए ऐसी है भारतीय टीम- रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या (उप-कप्तान), शार्दुल ठाकुर, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।