भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए अफगानी टीम घोषित, इब्राहिम जादरान करेंगे कप्तानी
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को 13 सितंबर से भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलनी है। 3 मैचों की इस सीरीज के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अपनी टीम घोषित की है। इब्राहिम जादरान को टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है। 15 सदस्यीय टीम में तेज गेंदबाज नवीन उल हक की वापसी हुई है। इजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल और फरीद अहमद मलिक को रिजर्व खिलाड़ियों के तौर पर चुना गया है। आइए टीम पर एक नजर डालते हैं।
नवीन
चोट के बाद नवीन की हुई वापसी
नवीन को कंधे की चोट के कारण लंबे समय तक खेल से दूर रहना पड़ा है।
वह चोट के चलते ही पिछले साल हुए एशिया कप और इस साल की शुरुआत में हुए टी-20 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे। इसके बाद उनके दाहिने कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर के लिए सर्जरी हुई।
वह 2023 विश्व कप के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, आखिरी बार दिसंबर 2024 में अफगानिस्तान के लिए खेले थे।
टीम
इन खिलाड़ियों भी मिला मौका
ACB ने अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नईब को भी चुना है। 35 साल के इस खिलाड़ी ने फरवरी 2026 में अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
घरेलू क्रिकेट और श्पागीजा क्रिकेट लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद अनकैप्ड विकेटकीपर नूर रहमान को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है।
15 खिलाड़ियों की टीम में राशिद खान, मोहम्मद नबी, नूर अहमद और नंग्याल खरोती के रूप में स्पिनर शामिल हैं।
जानकारी
ऐसी है अफगानी टीम
अफगानिस्तानी टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नईब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोती, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक।
शेड्यूल
13 सितंबर से शुरू होगी सीरीज
पहला टी-20 मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा मैच 17 सितंबर को होगा।
सीरीज के सभी मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली यह टी-20 सीरीज ऐतिहासिक होने जा रही है।
यह पहली बार होगा जब अफगानिस्तान किसी द्विपक्षीय सीरीज के लिए आधिकारिक तौर पर भारत की मेजबानी करेगा।
बता दें कि इससे पहले भी अफगानिस्तान अन्य देशों की द्विपक्षीय सीरीज की मेजबानी भारत में कर चुकी है।