Page Loader
IPL 2021: निजी कारणों से बचे हुए सीजन से बाहर हुए एडम जैम्पा और केन रिचर्डसन

IPL 2021: निजी कारणों से बचे हुए सीजन से बाहर हुए एडम जैम्पा और केन रिचर्डसन

Apr 26, 2021
11:56 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 से खिलाड़ियों के हटने का क्रम लगातार जारी है। अब इस सूची में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के दो खिलाड़ी और शामिल हो गए हैं। दरअसल, RCB के एडम जैम्पा और केन रिचर्डसन IPL 2021 के बचे हुए सीजन से बाहर हो गए हैं। RCB ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस बारे में जानकारी दी है। एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।

ट्वीट

निजी कारणों से बाहर हुए जैम्पा और रिचर्डसन

ऑस्ट्रेलिया के ये दोनों खिलाड़ी निजी कारणों के चलते बचे हुए सीजन से बाहर हो गए हैं। RCB ने ट्वीट करते हुए इस बारे में कहा, 'एडम जैम्पा और केन रिचर्डसन निजी कारणों से ऑस्ट्रेलिया लौट रहे हैं और बचे हुए IPL 2021 के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का टीम प्रबंधन उनके फैसले का सम्मान करता है और उन्हें पूरा समर्थन प्रदान करता है।'

IPL 2021

जैम्पा नहीं खेल सके एक भी मैच, रिचर्डसन ने खेला एक मुकाबला

इस सीजन में लेग स्पिनर जैम्पा एक मैच भी नहीं खेल सके हैं। दूसरी तरफ तेज गेंदबाज रिचर्डसन ने एक मुकाबले में हिस्सा लिया है। रिचर्डसन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हुए मैच में तीन ओवरों में 29 रन देकर एक विकेट लिया था। वहीं RCB इस समय अंक तालिका में तीसरे पायदान पर है। विराट कोहली की कप्तानी में RCB ने अब तक पांच में से चार मैचों में जीत दर्ज की है।

जानकारी

फिलहाल इन तीन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने किया है IPL 2021 से हटने का फैसला

इसके साथ ही जैम्पा और रिचर्डसन IPL 2021 बीच से हटने वाले ऑस्ट्रेलिया के दूसरे और तीसरे खिलाड़ी बने हैं। बता दें इन दोनों से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) के एंड्रयू टाई निजी कारणों से ही रविवार को ऑस्ट्रेलिया लौट चुके हैं।

रविचंद्रन अश्विन

कोरोना से लड़ाई के लिए अश्विन ने लिया सीजन से ब्रेक

बीती रात सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुकाबले के बाद अश्विन ने ट्विटर पर सीजन से ब्रेक लेने की घोषणा की है। उन्होंने लिखा, "कल से मैं इस सीजन के IPL से ब्रेक ले रहा हूं। मेरा परिवार और बढ़ा हुआ परिवार कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है और मैं इन कठिन हालातों में उनका सहयोग करना चाहता हूं। यदि चीजें सही दिशा में जाएंगी तो मैं वापसी कर सकता हूं। धन्यवाद दिल्ली कैपिटल्स।"