Page Loader
अभिषेक शर्मा 24 साल की उम्र से पहले दूसरे सर्वाधिक टी-20 शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने
अभिषेक शर्मा ने शतक जडकर बनाया यह खास रिकॉर्ड (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

अभिषेक शर्मा 24 साल की उम्र से पहले दूसरे सर्वाधिक टी-20 शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने

Jul 07, 2024
07:39 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने रविवार को जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शतक (100) जड़कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। यह टी-20 क्रिकेट में उनका चौथा शतक रहा है, जिसे उन्होंने केवल 46 गेंदों में पूरा किया। इसके साथ ही वह 24 साल की उम्र पूरी करने से पहले सर्वाधिक शतक जड़ने वाले दुनिया के संयुक्त दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

रिकॉर्ड

शुभमन गिल के नाम दर्ज है सर्वाधिक शतक का रिकॉर्ड

24 साल की उम्र से पहले सर्वाधिक टी-20 शतक जड़ने का रिकॉर्ड भारतीय कप्तान शुभमन गिल के नाम दर्ज हैं। उन्होंने कुल 6 शतक जड़े हैं। इस सूची में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज ग्लेन फिलिप (4) अभिषेक के साथ संयुक्त दूसरे, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम, अहमद शहजाद, दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक, USA के उनमुक्त चंद, भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल और यशस्वी जायसवाल (3-3) संयुक्त तीसरे नंबर पर हैं।

रिकॉर्ड

ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज हैं अभिषेक

अभिषेक के नाम इस पारी के साथ एक रोचक रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने रनों का खाता छक्के से खोलने, छक्के साथ ही पहले 50 रन पूरे करने और छक्के के साथ ही पहला शतक पूरा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने हैं। उनकी तूफानी बल्लेबाजी का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने पहले 50 रन के लिए 33 गेंदे खेली और अगले 50 रन केवल 13 गेंदों में पूरे कर लिए।

जानकारी

कैसी रही अभिषेक की पारी?

अभिषेक अपनी पारी में 47 गेंदों का सामना कर 100 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 8 बेहतरीन छक्के भी जड़े। उन्होंने पारी में 212.77 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए शतक पूरा किया।