वैभव सूर्यवंशी पर अभिषेक शर्मा का बड़ा बयान, कहा- वह हमारी तरह नहीं है
क्या है खबर?
एशियाई खेल 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम के पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण पदक जीतने के बाद सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टीम के सबसे छोटे सदस्य 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। अभिषेक ने सूर्यवंशी की मानसिक परिपक्वता और खेल के प्रति उनकी समझ को लेकर कहा कि वह अपनी उम्र के आम किशोरों की तुलना में कहीं अधिक समझदार और पेशेवर हैं। वह दबाव को बहुत आसानी से संभाल रहे हैं।
बयान
वह हमारी तरह नहीं है- अभिषेक
अभिषेक ने जियोस्टार पर कहा, "सूर्यवंशी बहुत स्मार्ट है। वह हमारी तरह नहीं है, जैसे हम 15 साल की उम्र में थे। इसका कारण है कि वह पहले से ही 2-3 साल से क्रिकेट के माहौल में है।"
उन्होंने कहा, "वह अपने खेल को लेकर बहुत स्पष्ट है और उसे अच्छी तरह पता है कि टीम को उससे क्या उम्मीदें हैं। ड्रेसिंग रूम में भी उसकी बॉडी लैंग्वेज और बात करने का तरीका किसी अनुभवी खिलाड़ी जैसा ही लगता है।"
प्रयास
हम सभी उसे सहज बनाने का करते हैं प्रयास- अभिषेक
अभिषेक ने कहा, "हम सभी साथी खिलाड़ी आपस में चर्चा करते हैं कि उसे और अधिक सहज कैसे बना सकते हैं। हम जानते हैं कि उसने क्या हासिल किया है और वह यहां रहने का हकदार है। इसलिए मुझे लगता है कि यह मेरा भी कर्तव्य है कि मैं उसे यह एहसास दिलाऊं कि हम सभी, उसके बड़े भाई, उसके साथ हैं। तुम्हें बस आनंद लेना है, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है और जब भी मौका मिले, मैच जीतना है।"
प्रदर्शन
एशियाई खेल 2026 में सूर्यवंशी का प्रदर्शन
बिहार निवासी सूर्यवंशी एशियाई खेल 2026 में भारतीय टीम के सबसे युवा खिलाड़ी के तौर पर ध्यान आकर्षित किया है।
उन्होंने फाइनल मुकाबले में भी अभिषेक के साथ पारी की शुरुआत करते हुए आक्रामक अंदाज दिखाया था।
खेल जगत के दिग्गज उन्हें भारतीय क्रिकेट की अगली बड़ी खोज मान रहे हैं, क्योंकि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और इतने बड़े दबाव वाले भारत-पाकिस्तान फाइनल मैच में उन्होंने गजब का संयम दिखाया।