वैभव सूर्यवंशी पर पूर्व सहायक कोच की टीम को सलाह, कहा- सीरीज का 5वां मैच खिलाएं
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच जारी 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के बीच 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की मांग तेज होती जा रही है। इस बीच भारतीय टीम के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने कप्तान श्रेयस अय्यर और टीम प्रबंधन से खास अपील की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि भारत को चौथा मुकाबला जीतकर आखिरी मुकाबले में सूर्यवंशी को खिलाना चाहिए।
बयान
नायर ने क्या दिया बयान?
नायर ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, "सीरीज अभी पूरी तरह से जीती नहीं गई है। हम फिलहाल 2-1 से आगे हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर और टीम प्रबंधन को मेरा सीधा सुझाव है कि वे हैदराबाद में होने वाले चौथे मुकाबले में पूरी ताकत से खेलें, इसे जीतें और सीरीज को 3-1 से सुरक्षित करें। एक बार जब सीरीज हमारे नाम हो जाएगी, तो आखिरी मैच में वैभव सूर्यवंशी को स्वतंत्र रूप से खेलने का मौका दिया जाना चाहिए।"
प्रतिभा
नायर ने सूर्यवंशी को बताया असाधारण प्रतिभा
नायर ने युवा खिलाड़ियों को तैयार करने की प्रक्रिया पर बात करते हुए कहा, "वह एक असाधारण प्रतिभा है और ड्रेसिंग रूम में वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ समय बिताकर बहुत कुछ सीख रहा है। उसे हर काई मैदान पर उतरते देखना चाहता है। सीरीज जीतने के बाद बिना किसी दबाव के उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आजमाना सबसे सही फैसला होगा।"
उन्होंने कहा कि इससे सूर्यवंशी का भी आत्मविश्वास बढ़ेगा और वह भविष्य के लिए भी मजबूत होंगे।
सीरीज
सीरीज का ताजा समीकरण और सूर्यवंशी का इंतजार
भारत ने इंदौर में खेले गए तीसरे टी-20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज को हराकर सीरीज में 2-1 की अहम बढ़त बनाई हुई है।
ऐसे में उसके पास चौथा मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने का अच्छा मौका है। इसके बाद टीम प्रबंधन सूर्यवंशी को भी प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकते हैं।
सूर्यवंशी को खिलाने की मांग लगातार उठ रही है। उनके बचपन के कोच मनीष ओझा भी नाराजगी जता चुके हैं।