वैभव सूर्यवंशी पर पूर्व क्रिकेटर की बड़ी सलाह, कहा- टीम से बाहर कर खिलाओ रणजी ट्रॉफी
क्या है खबर?
15 वर्षीय युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह न मिलने पर लगातार चर्चा हो रही है। हर कोई उन्हें खिलाए जाने की वकालत कर रहा है। इस बीच पूर्व सलामी बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि सूर्यवंशी के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना फिलहाल बेहद कठिन चुनौती है। उन्होंने सूर्यवंशी को बिठाकर रखने की जगह भारतीय टीम से रिलीज कर रणजी ट्रॉफी खिलाने की सलाह दी है।
बयान
चोपड़ा ने क्या दिया बयान?
चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "वैभव सूर्यवंशी को मौके इसलिए नहीं मिल रहे हैं क्योंकि उनके लिए टीम में जगह ही नहीं बन पा रही है। आप उन्हें किसकी जगह खिलाएंगे? देखा जाए तो वह केवल संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा या ईशान किशन की जगह ही खेल सकते हैं।"
उन्होंने कहा, "जब तीन लोग (सैमसन, अभिषेक, ईशान) पहले से ही इतना अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों, तो आपको अचानक मौका नहीं मिल सकता है।"
सुझाव
चोपड़ा ने दिया रोटेशन नीति का सुझाव
चोपड़ा ने आगे कहा, "मैं जानता हूं कि सूर्यवंशी को जगह न मिलना दिल तोड़ने वाला है, लेकिन इसका कोई दूसरा रास्ता नहीं है। जो तरीका मैं सुझा रहा हूं, उससे कोई भी सहमत नहीं हो रहा है। आप एक रोटेशन नीति अपना सकते हैं। रोटेशन के आधार पर इन चारों ही बल्लेबाजों को बारी-बारी से खेलने के मौके दिए जा सकते हैं।"
चोपड़ा ने तर्क दिया कि सूर्यवंशी को बिना खेलने का मौका दिए टीम में रखना व्यर्थ होगा।
सलाह
चोपड़ा ने सूर्यवंशी को रणजी ट्रॉफी खिलाने की दी सलाह
चोपड़ा ने आगे कहा, "मेरा मानना है कि सूर्यवंशी को बेंच पर बैठाने की जगह उन्हें भारतीय टीम से रिलीज करते हुए रणजी ट्रॉफी के मुकाबले खेलने के लिए भेज देना चाहिए।"
सूर्यवंशी का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर अच्छा रहा है। उन्होंने 8 मैचों में 186 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 246 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक भी शामिल हैं।
हालांकि, इन शानदार आंकड़ों के बावजूद, उन्हें मौजूदा टीम सेटअप में लगातार मौके नहीं मिल रहे हैं।