
श्रीलंका बनाम बांग्लादेश, दूसरा टेस्ट: तैजुल इस्लाम ने लिए 5 विकेट, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के स्पिनर तैजुल इस्लाम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट में उम्दा प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट चटकाए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 458 रन बनाए और 211 रन की बढ़त हासिल की। यह इस्लाम के टेस्ट करियर का कुल 17वां 5 विकेट हॉल रहा। आइए मैच में उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
ऐसी रही इस्लाम की गेंदबाजी
इस्लाम ने लहिरू उडारा (40) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने शतक लगाने वाले पथुम निसांका (158) को अपना शिकार बनाया। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने धनंजय डी सिल्वा (7), थारिन्दु रत्नायके (10) और असिथा फर्नांडो (0) को भी अपना शिकार बनाया। उन्होंने 42.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 131 रन देते हुए ये 5 सफलताएं हासिल की। उनके अलावा नईम हसन ने 3 विकेट लिए।
श्रीलंका
श्रीलंका के खिलाफ दूसरा 5 विकेट हॉल
इस्लाम ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में अपना दूसरा 5 विकेट हॉल लिया। इस टीम के विरुद्ध उन्होंने 11 टेस्ट की 19 पारियों में 42.00 की औसत के साथ 39 विकेट लिए हैं। श्रीलंका के विरुद्ध पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 72 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा। 33 वर्षीय इस्लाम ने श्रीलंका में 5 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 37.15 की औसत के साथ 19 विकेट लिए हैं।
करियर
ऐसा है इस्लाम का टेस्ट करियर
इस्लाम ने अब तक के टेस्ट करियर में 55 मैच खेले हैं, जिसमें 31.32 की औसत के साथ 237 विकेट लिए हैं। इस बीच उन्होंने 17 पारियों में 5 विकेट हॉल लिए हैं। पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 88 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा है। वह बांग्लादेश की ओर से टेस्ट प्रारूप में फिलहाल दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ शाकिब अल हसन (246) हैं।
बढ़त
श्रीलंका ने हासिल की बढ़त
कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश ने पहली पारी में 247 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम ने अपनी पहली पारी में 458 रन बना दिए। उसने पहली पारी के आधार पर 211 रन की बढ़त ली। श्रीलंका के लिए निसांका ने सबसे बड़ी 158 रन की पारी खेली। इसके अलावा दिनेश चांदीमल ने 93 रन बनाए। निसांका के टेस्ट करियर का यह चौथा शतक रहा।
जानकारी
तैजुल इस्लाम ने WTC में पूरे किए 100 विकेट
इस्लाम ने WTC में अपने 100 विकेट पूरे किए। वह WTC में विकेटों का शतक लगाने वाले बांग्लादेश के पहले गेंदबाज बने। उनके अब WTC में 34.43 की औसत के साथ 104 विकेट हो गए हैं।