Page Loader
जानिए कौन हैं WWE इतिहास की पांच सबसे लंबी महिला रेसलर्स

जानिए कौन हैं WWE इतिहास की पांच सबसे लंबी महिला रेसलर्स

लेखन Neeraj Pandey
Jul 17, 2020
09:15 pm

क्या है खबर?

WWE में महिला रेसलर्स का कद काफी तेजी से बढ़ रहा है और उन्हें लोकप्रियता भी काफी ज़्यादा मिल रही है। हाल के वर्षों में WWE महिला डिवीजन को लेकर काफी गंभीर हुआ है और कुछ शानदार महिला रेसलर्स को साइन किया गया है। हालांकि, कई ऐसी रेसलर्स हैं जो लंबे समय से रेसलिंग जगत को अपनी सेवा दे रही हैं। जानिए WWE में फाइट करने वाली पांच सबसे लंबी महिला रेसलर्स के बारे में।

6.2 फीट

बॉडीबिल्डर से बनीं रेसलर

निकोल बास का जन्म 10 अगस्त, 1964 को हुआ था और उन्होंने कम उम्र में ही बॉडीबिल्डिंग में करियर बनाने का निर्णय ले लिया था। 80 और 90 के दशक में तमाम बॉडीबिल्डिंग खिताब जीतने के बाद 1998 में निकोल ने अपना रेसलिंग डेब्यू किया। निकोल ने अपना डेब्यू एक्स्ट्रीम चैंपियनशिप रेसलिंग पर किया था। जल्द ही उन्होंने अपना WWF डेब्यू भी किया। 17 फरवरी, 2017 को 52 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

6 फीट

WWE की प्लस-साइज मॉडल

निया जैक्स प्रोफेशनल रेसलर हैं और WWE के रॉ ब्रांड पर परफॉर्म करती हैं। इसके अलावा निया प्लस-साइज मॉडल भी हैं। निया पूर्व रॉ विमेंस चैंपियन भी हैं। 2014 में उन्हें WWE ने पहली बार साइन किया था जहां वह NXT पर परफॉर्म करती थीं। 2016 में निया को रॉ पर भेजा गया और तब से लेकर अब तक वह मेन रोस्टर पर लगातार धमाल मचा रही हैं। निया पूर्व रेसलर द रॉक की दूर की रिश्तेदार भी हैं।

5 फीट 11 इंच

मॉडलिंग, एक्टिंग और चीयरलीडिंग के बाद बनीं रेसलर

स्टेसी किब्लर ने रेसलिंग में आने से पहले मॉडलिंग, एक्टिंग के साथ ही एक फुटबॉल क्लब के लिए चीयरलीडर का भी काम किया था। 1999 में उन्होंने WCW पर अपना रेसलिंग डेब्यू किया और फिर दो साल बाद वह WWE चली आईं। किब्लर को उनकी लंबी टांगों के लिए जाना जाता था। उन्हें 'WWE की टांग' निकनेम भी दिया गया था। 39 वर्षीय किब्लर ने 2006 में ही रेसलिंग जगत से संन्यास ले लिया था।

5 फीट 10 इंच

वर्तमान समय की बेस्ट महिला रेसलर्स में से एक

शार्लेट फ्लेयर वर्तमान समय की बेस्ट महिला रेसलर्स में से एक हैं। WWE के विमेंस डिवीजन को इतना आगे ले जाने में शार्लेट ने काफी अहम योगदान दिया है। स्मैकडाउन पर परफॉर्म करने वाली सेकेंड जेनरेशन रेसलर शार्लेट महान रेसलर रिक फ्लेयर की पुत्री हैं। 2012 में अपना रेसलिंग डेब्यू करने वाली शार्लेट रिकॉर्ड आठ बार WWE विमेन चैंपियन रह चुकी हैं। इस रिकॉर्ड को वह पूर्व महिला रेसलर ट्रिश स्ट्रेटस के साथ शेयर कर रही हैं।

5 फीट 9 इंच

सबसे लंबे समय से WWE में बनी हुई महिला रेसलर

32 वर्षीय एलिसया फॉक्स सबसे लंबे समय से कंपनी के साथ बनी हुई हैं। फॉक्स 2006 से ही कंपनी में हैं और 2008 से लगातार मेन रोस्टर बनी हैं। जून 2010 में उन्होंने WWE डिवाज टाइटल को जीता था और लगातार दो महीनों तक उसे डिफेंड भी किया था। 2006 में अपना डेब्यू करने के बाद से फॉक्स ने WWE के लगभग हर ब्रांड पर परफॉर्म किया है। उन्होंने NXT पर मेंटर का रोल भी अदा किया है।