Page Loader
14 वर्षीय इरा जाधव ने तिहरा वनडे शतक जड़कर रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली भारतीय
14 वर्षीय इरा जाधव ने अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट में जड़ा तिहरा शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

14 वर्षीय इरा जाधव ने तिहरा वनडे शतक जड़कर रचा इतिहास, ऐसा करने वाली पहली भारतीय

Jan 12, 2025
04:55 pm

क्या है खबर?

मुंबई की 14 वर्षीय इरा जाधव ने बेंगलुरु में खेली जा रही महिला अंडर-19 वनडे क्रिकेट ट्रॉफी में मेघालय के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए तिहरा शतक जड़ (346*) दिया। इसके साथ ही जाधव ने इतिहास रच दिया। वह महिला अंडर-19 वनडे में तिहरा शतक जड़ने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई की टीम मैच में 50 ओवर में 3 विकेट पर 563 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

बल्लेबाजी

कैसा रही जाधव की बल्लेबाजी?

पारी की शुरुआत करने आई जाधव ने कप्तान हर्ले गाला (116) के साथ दूसरे विकेट के लिए 274 रन की साझेदारी निभाई। इसमें उन्होंने 71 गेंदों पर 149 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने दीक्षा पवार के साथ तीसरे विकेट के लिए 186 रन की साझेदारी निभाई। इसमें जाधव ने 50 गेंदों पर 137 रन जोड़े। जाधव अपनी पारी में 157 गेंदों में 220 के स्ट्राइक रेट से 42 चौके और 16 छक्कों की मदद से 346 रन बनाकर नाबाद रहीं।

रिकॉर्ड

जाधव के नाम दर्ज हुआ यह रिकॉर्ड

इस पारी के साथ जाधव अंडर-19 वर्ग के वनडे मैच में तिहरा शतक बनाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। विश्व स्तर पर यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका की लिजेल ली (427) के नाम है। जाधव BCCI की ओर से आयोजित सीमित ओवरों के टूर्नामेंट में तिहरा शतक बनाने वाली पहली भारतीय (पुरुष/महिला) बल्लेबाज भी बनी हैं। मुंबई की ओर से बनाया गया 563/3 स्कोर किसी भी स्तर (महिला/पुरुष) पर बनाया गया सर्वोच्च टीम स्कोर भी है।