एक्स डाउन: ऐप पर आ रही लॉग-इन समेत कई तरह की परेशानी
क्या है खबर?
एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) डाउन होने से यूजर्स को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यूजर फीड लोड होने, लॉग-इन में विफलता और ऐप एक्सेस से संबंधित समस्याओं की रिपोर्ट कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि इस व्यवधान ने विभिन्न क्षेत्रों के यूजर्स को प्रभावित किया है, जिनमें से कई टाइमलाइन रीफ्रेश करने या प्लेटफॉर्म पर प्रमुख सुविधाओं का उपयोग करने में असमर्थ हैं।
शिकायत
सैंकड़ों यूजर्स ने की शिकायत
आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर के अनुसार, कुछ ही समय में शिकायतों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई। डाटा से पता चलता है कि दोपहर 12:48 बजे के आस-पास सैकड़ों शिकायतें दर्ज की गईं, जो यह संकेत देती हैं कि यह समस्या किसी छिटपुट गड़बड़ी के बजाय व्यापक स्तर पर फैली हुई है। अधिकांश शिकायतें ऐप के उपयोग से संबंधित थीं, इसके बाद फीड या टाइमलाइन रिफ्रेश और वेबसाइट एक्सेस में समस्याएं थीं।
परेशानी
यूजर झेल रहे ये परेशानी
एक्स ऐप को एक्सेस करने की कोशिश कर रहे यूजर्स ने मुख्य कार्यक्षमता को प्रभावित करने वाली कई समस्याओं की सूचना दी। इनमें फीड लोड नहीं होने या रीफ्रेश नहीं होने, लॉग-इन विफलताएं और सेशन टाइमआउट, पोस्ट करने या कंटेंट के साथ इंटरैक्ट करने में देरी और कुछ मामलों में ऐप क्रैश होने जैसी समस्याएं शामिल हैं। कई यूजर्स ने अन्य प्लेटफॉर्म पर भी इस समस्या की पुष्टि की और खाली फीड और एरर मैसेज के स्क्रीनशॉट शेयर किए।