स्पेस-X में अपने अगले स्टारशिप परीक्षण उड़ान को एक महीने के लिए क्यों टाला?
क्या है खबर?
एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X ने अपनी अगली स्टारशिप टेस्ट फ्लाइट को आगे बढ़ा दिया है। कंपनी के CEO मस्क ने बताया कि यह उड़ान अब अप्रैल की जगह मई में होगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि नई तारीख चार से छह हफ्ते बाद, यानी मई के पहले दो हफ्तों के बीच तय की गई है, जिससे इस मिशन को लेकर नई टाइमलाइन सामने आई है।
वजह
क्यों टली स्टारशिप की अगली उड़ान?
रिपोर्ट के मुताबिक, स्टारशिप के नए V3 मॉडल में कई बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। कंपनी इस रॉकेट को पहले से ज्यादा भरोसेमंद और सुरक्षित बनाना चाहती है। इसमें दर्जनों अपग्रेड जोड़े गए हैं, जिससे लॉन्च में देरी हुई है। ये सुधार खास तौर पर भविष्य के बड़े मिशनों को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं, ताकि उड़ान के दौरान किसी तरह की तकनीकी समस्या कम हो और सिस्टम बेहतर तरीके से काम कर सके।
अहमियत
नासा मिशन के लिए भी अहम है यह रॉकेट
स्टारशिप सिर्फ एक सामान्य टेस्ट रॉकेट नहीं है, बल्कि यह नासा के आर्टेमिस प्रोग्राम के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी रॉकेट की मदद से भविष्य में इंसानों को चांद पर उतारने की योजना है। इसलिए कंपनी इस रॉकेट पर खास ध्यान दे रही है, ताकि यह रॉकेट बड़े मिशनों के लिए पूरी तरह तैयार हो सके और अंतरिक्ष यात्राओं में नई तकनीक का इस्तेमाल हो सके।
खासियत
स्टारशिप की खासियत और पिछला लॉन्च
स्टारशिप स्पेस-X का अगली पीढ़ी का रॉकेट है, जिसे पूरी तरह से दोबारा इस्तेमाल करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह फाल्कन रॉकेट के मुकाबले कहीं ज्यादा वजन ले जा सकता है और लंबी दूरी के मिशन के लिए तैयार किया जा रहा है। कंपनी का पिछला स्टारशिप टेस्ट लॉन्च अक्टूबर में हुआ था, जो इस सीरीज का 11वां टेस्ट था और इसके बाद अब अगली उड़ान की तैयारी की जा रही है।