Page Loader
स्मार्टफोन में लगवाएं सस्ता या महंगा कवर? यहां जानिए फायदे और नुकसान 
स्मार्टफोन में सस्ता कवर बैटरी को नुकसान पहुंचा सकता है (तस्वीर: पिक्साबे)

स्मार्टफोन में लगवाएं सस्ता या महंगा कवर? यहां जानिए फायदे और नुकसान 

Jun 29, 2025
07:19 pm

क्या है खबर?

स्मार्टफोन काफी महंगे हो गए है, जिससे उनकी देखभाल करना जरूरी है। उनकी सुरक्षा पर भी लोग काफी पैसा खर्च करते हैं। मोबाइल का कवर भी एक ऐसी चीज है, जो सुरक्षा प्रदान करता है। इसे खरीदते समय कई बातों का ध्यान रखना जरूरी है। कई लोग सस्ता कवर लगवाते हैं तो कुछ ब्रांडेड और महंगा कवर खरीदना पसंद करते हैं। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि सस्ते या महंगे कवर में से कौनसा लगवाना सही रहता है।

फायदे 

फोन कवर लगवाने के फायदे

कवर न केवल आपके फोन को आकर्षक लुक देता है, बल्कि गिरने पर मोबाइल की स्क्रीन टूटने से भी बचाता है। इससे फोन के कैमरा और बॉडी पर स्क्रैच नहीं पड़ते हैं। इसके साथ ही धूल-मिट्‌टी और पानी से भी सुरक्षा होती है। इसके साथ ही फोन को पकड़ने में ग्रिप अच्छी मिलती है। फोन का कवर सिर्फ सजावट नहीं बल्कि सेफ्टी का भी काम करता है। इसलिए कवर खरीदने से पहले सोच-विचार करना बहुत जरूरी होता है।

कीमत 

कितनी होती है कवर की कीमत?

सस्ता कवर: यह आपको 50-200 रुपये की कीमत में मिल जाता है, जो प्लास्टिक या रबर सामग्री से बना होता है। यह देखने में तो अच्छा होता है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से कमजोर होता है। गिरने पर ज्यादा सेफ्टी नहीं दे पाता और टूट जाता है। महंगा कवर: इसकी कीमत 300 से लेकर 2,000 रुपये तक होती है। यह फोन को हर कोने से कवर करता है और शॉक एब्जॉर्बर, वाटरप्रूफ, मैग्नेटिक या स्टैंड के साथ आता है।

बनावट 

बनावट के आधार पर 3 तरह के होते हैं कवर

स्टैंडर्ड कवर: यह सिलिकॉन से लेकर चमड़े तक कई तरह की सामग्रियों में आते हैं। यह फोन की स्क्रीन के चारों ओर उठा हुआ होने के कारण किसी भी खरोंच से सुरक्षा प्रदान करता है। मजबूत कवर: इसमें अलग-अलग सामग्रियों की कई परतें होती हैं और फोन को स्टैंडर्ड कवर की तुलना में अधिक सुरक्षा प्रदान करता है। फ्लिप कवर: यह फोन को पूरा ढकने के कारण बेहतर सुरक्षा के साथ कार्ड और नकदी रखने की जगह प्रदान करता है।

सामग्री 

सामग्री के आधार पर कवर 

सिलिकॉन से बना कवर लचीला और हल्के होने के साथ झटकों को झेलने में उपयोगी होता है, जबकि पॉलीकार्बोनेट से बना कवर ज्यादा मजबूत होता है। लेदर और सिंथेटिक लेदर से बना कवर आकर्षक लुक के साथ बेहतर ग्रिप देता है। सस्ते और मोटे कवर फोन की गर्मी को बाहर निकलने नहीं देते, जिससे फोन जल्दी गर्म होता है और बैटरी पर असर पड़ सकता है। मोटे कवर में वायरलेस चार्जिंग तकनीक ठीक से काम नहीं करती है।